लॉस एंजिलिस। अमेरिकी अभिनेता और हास्य कलाकार केविन हार्ट ने पहलगाम आतंकी हमले के मद्देनजर प्रभावित लोगों के साथ एकजुटता दिखाने के लिए भारत में होने वाले अपने शो एक्टिंग माई एज को रद्द कर दिया है। गेट हार्ड , द वेडिंग रिंगर और राइड अलॉन्ग जैसी फिल्मों में अपने किरदार के लिए मशहूर हार्ट 30 अप्रैल को दिल्ली में शो करने वाले थे।हार्ट का देश में यह पहला क्रायक्रम होना था।
शो के आयोजक डिस्ट्रिक्ट बाय जोमाटो ने रविवार को इंस्टाग्राम पर साझा किए गए एक बयान में बताया, महत्वपूर्ण जानकारी: हाल ही में हुई दुखद घटना के मद्देनजर हमने, केविन हार्ट की टीम के साथ, 30 अप्रैल को होने वाले आगामी दिल्ली शो को रद्द करने का फैसला किया है। हम नए शेड्यूल पर केविन हार्ट की टीम के साथ मिलकर काम कर रहे हैं और जल्द ही जानकारी साझा की जाएगी।
पोस्ट के कैप्शन में लिखा है, हम आप सभी से मिलने के लिए उत्सुक हैं, हमारा मानना है कि प्रभावित लोगों के साथ एकजुटता दिखाना महत्वपूर्ण है। डिस्ट्रिक्ट बाय जोमाटो ने बताया कि लोगों का पैसा वापस किया जाएगा। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पिछले मंगलवार को हुए आतंकी हमले में 26 लोग मारे गए थे, जिनमें ज्यादातर पर्यटक थे। हार्ट के अलावा गायक अरिजीत सिंह, श्रेया घोषाल, एपी ढिल्लों और पपोन ने भी पहलगाम हमले के बाद अपने-अपने कार्यक्रमों की तारीख बदली है।
