सियोल। दक्षिण कोरिया के कार्यवाहक राष्ट्रपति हान डक-सू ने बृहस्पतिवार को इस्तीफा देने की घोषणा की।
अगले महीने होने वाले राष्ट्रपति चुनाव में दावेदारी पेश करने की खबरों के बीच हान ने इस्तीफा देने की घोषणा की।हान ने टेलीविजन पर दिए बयान में कहा कि उन्होंने देश के लिए एक बड़ी जिम्मेदारी उठाने के मकसद से पद छोड़ने का फैसला किया है।
दक्षिण कोरियाई मीडिया के मुताबिक, हान शुक्रवार को आधिकारिक तौर पर अपना राष्ट्रपति अभियान शुरू करेंगे। हान को तत्कालीन
राष्ट्रपति यून सुक एओल ने देश का प्रधानमंत्री नियुक्त किया था।
एओल को पद से हटा दिया गया, जिस कारण राष्ट्रपति पद के लिए उपचुनाव हो रहा है। यून के पिछले वर्ष तीन दिसंबर को मार्शल लॉ लागू करने के बाद से फैली अव्यवस्था के कारण मुख्य रूढ़िवादी दल पीपुल्स पावर पार्टी लोगों की नाराजगी का सामना कर रहा है, जिस कारण हान को पार्टी की ओर से राष्ट्रपति पद के लिए प्रबल दावेदार के रूप में देखा जा रहा है।
पर्यवेक्षकों का कहना है कि ऐसी संभावना है कि हान राष्ट्रपति पद की दौड़ में आगे चल रहे ली जे-म्यांग के खिलाफ अभियान शुरू करने के लिए पीपुल्स पावर पार्टी के साथ गठबंधन करेंगे।
