न्यूयॉर्क। अमेरिका के उपराष्ट्रपति जे. डी. वेंस ने कहा है कि अमेरिका को उम्मीद है कि भारत पहलगाम आतंकवादी हमला मामले में इस तरह से कार्वाई करेगा कि बड़ा क्षेत्रीय संघर्ष पैदा नहीं हो। वेंस कहा कि अमेरिका को उम्मीद है कि पाकिस्तान भी अपनी सरजमीं से कभी-कभी आतंकवादी गतिविधियों को अंजाम देने वाले आतंकवादियों को पकड़ने में भारत के साथ सहयोग करेगा।
जम्मू कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादियों ने जब ए हमला किया था तब वेंस और उनका परिवार भारत की चार दिवसीय यात्रा पर था। यह हमला 2019 में पुलवामा हमले के बाद सबसे भीषण आतंकवादी हमला है। वेंस ने बृहस्पतिवार को फॉक्स न्यूज के साथ साक्षात्कार में कहा, हमें आशा है कि भारत इस आतंकवादी हमला मामले में इस तरह से कार्वाई करेगा कि बड़ा क्षेत्रीय संघर्ष उत्पन्न नहीं हो।
वेंस से फॉक्स न्यूज की स्पेशल रिपोर्ट में पूछा गया था, क्या आप भारत और पाकिस्तान को लेकर चिंतित हैं? इस पर उन्होंने कहा, मैं चिंतित हूं, क्योंकि दोनों देश परमाणु शक्ति संपन्न हैं। उपराष्ट्रपति ने कहा, हम स्पष्ट रूप से भारत और पाकिस्तान में अपने मित्रों के साथ निकट संपर्क में हैं।
हमें आशा है कि भारत इस आतंकवादी हमले को लेकर इस तरह से कार्वाई करेगा कि बड़ा क्षेत्रीय संघर्ष नहीं हो।
वेंस ने कहा, हम आशा करते हैं कि पाकिस्तान अपनी जिम्मेदारी के अनुसार भारत के साथ सहयोग करेगा ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि उनके क्षेत्र में सक्रिय आतंकवादियों को पकड़ा जाए और उनसे निपटा जाए। हम आशा करते हैं कि यह इसी तरह आगे बढ़ेगा, हम स्पष्ट रूप से निकट संपर्क में हैं। हम देखेंगे कि क्या होता है। पहलगाम हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ने के बीच वेंस की ए टिप्पणी अहम मानी जा रही है। 22 अप्रैल को पहलगाम में आतंकवादी हमले में 26 लोग मारे गए थे।
