इंगलवुड (अमेरिका)। दक्षिणी कैलिफोर्निया के एक कॉलेज परिसर में शुक्रवार को गोलीबारी की घटना में दो महिलाएं घायल हो गईं। प्राधिकारियों ने यह जानकारी दी। इंगलवुड के मेयर जेम्स बट्स ने बताया कि गोलीबारी की यह घटना स्पार्टन कॉलेज ऑफ एरोनॉटिक्स एंड टेक्नोलॉजी कैंपस में शाम चार बजे के आसपास हुई। समाचार चैनल केएबीसी-टीवी पर बट्स ने कहा कि संदिग्ध फरार है और उसे तलाशा जा रहा है। उन्होंने बताया कि दोनों महिलाएं स्कूल की कर्मचारी हैं और संदिग्ध एक पूर्व कर्मचारी है। गोलीबारी स्कूल के एक कार्यालय में हुई। बट्स ने बताया कि गोली लगने से घायल हुई महिलाओं में एक की हालत गंभीर है। लॉस एंजिलिस काउंटी के अग्निशमन विभाग ने दो महिलाओं के अस्पताल में भर्ती होने की पुष्टि की है।
