इस्लामाबाद। पाकिस्तान ने शनिवार को घोषणा की कि उसने 450 किलोमीटर की दूरी तक सतह से सतह तक मार करने में सक्षम अब्दाली हथियार प्रणाली का सफल परीक्षण प्रक्षेपण किया है। पाकिस्तान ने पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद भारत के साथ बढ़े तनाव के बीच यह परीक्षण की है। सेना ने एक बयान में कहा, इस प्रक्षेपण का उद्देश्य सैनिकों की अभियानगत तत्परता सुनिश्चित करना और मिसाइल की उन्नत नौवहन प्रणाली तथा उन्नत गतिशीलता विशेषज्ञताओं सहित प्रमुख तकनीकी मापदंडों की जांच करना था। 
सेना ने अभ्यास के बारे में विस्तृत जानकारी दिए बिना कहा कि मिसाइल प्रक्षेपण अभ्यास इंडस का हिस्सा था। प्रशिक्षण प्रक्षेपण में सेना सामरिक बल कमान के कमांडर, सामरिक योजना प्रभाग, सेना सामरिक बल कमान के वरिष्ठ अधिकारी आदि मौजूद थे।
राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी, प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेना प्रमुखों ने सैनिकों, वैज्ञानिकों और इंजीनियरों को बधाई दी। उन्होंने किसी भी आक्रमण के खिलाफ विश्वसनीय न्यूनतम प्रतिरोध सुनिश्चित करने और राष्ट्रीय सुरक्षा की रक्षा करने के लिए पाकिस्तान के सामरिक बलों की तैयारियों और तकनीकी दक्षता पर पूरा भरोसा जताया।