पेशावर। पाकिस्तान के अशांत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में मौलवियों ने सुरक्षाबलों के साथ झड़प में मारे गए तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के कमांडर की जनाजे की नमाज पढ़ाने से इनकार कर दिया। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि टीटीपी कमांडर मिनहाज पिछले सप्ताह खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में उत्तरी वजीरिस्तान जिले के शावाल इलाके में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में मारा गया था।
अधिकारियों ने कहा कि दक्षिणी वजीरिस्तान के मौलवियों ने शनिवार को मिनहाज की जनाजे की नमाज पढ़ाने से इनकार कर दिया और कहा कि वे निर्दाेष लोगों की हत्याओं के लिए जिम्मेदार और देश के खिलाफ लड़ने वाले व्यक्ति के लिए जनाजे की नमाज नहीं पढ़ेंगे।
मौलवियों के इनकार के बाद स्थानीय लोगों ने आतंकवादी को कब्रिस्तान में दफना दिया, जिसमें केवल 10 से 20 लोग ही शामिल हुए। इस संबंध में एक आदिवासी बुजुर्ग व्यक्ति ने बताया कि वजीरिस्तान जिले में संभवत: यह पहली बार है कि उलेमा ने एक आतंकवादी की जनाजे की नमाज पढ़ाने से इनकार कर दिया।