इस्लामाबाद। पाकिस्तान ने मंगलवार को कहा कि भारत के साथ हाल में हुए सैन्य संघर्ष में उसके 11 सैन्यकर्मी मारे गए और 78 अन्य घायल हो गए।सेना ने एक बयान में यह भी दावा किया कि 6-7 मई की रात को भारत द्वारा किए गए बिना उकसावे के और निंदनीय कायराना हमलों में 40 नागरिक मारे गए और 121 अन्य घायल हो गए।
 
भारत और पाकिस्तान ने चार दिन तक सीमा के आरपार से ड्रोन और मिसाइल हमलों के बाद संघर्ष को समाप्त करने के लिए शनिवार को सहमति की घोषणा की थी। पाकिस्तानी सेना ने कहा कि देश की रक्षा करते हुए, पाकिस्तान के सशस्त्र बलों के 11 कर्मी मारे गए और 78 अन्य घायल हो गए।
 
मारे गए जवानों में पाकिस्तानी वायुसेना के स्क्वाड्रन लीडर उस्मान यूसुफ, मुख्य तकनीशियन औरंगजेब, वरिष्ठ तकनीशियन नजीब, कॉर्पाेरल तकनीशियन फारूक और वरिष्ठ तकनीशियन मुबाशिर शामिल हैं।
 
बयान में कहा गया है कि हमले में मारे गए सैन्यकर्मियों में नायक अब्दुल रहमान, लांस नायक दिलावर खान, लांस नायक इकरामुल्लाह, नायक वकार खालिद, सिपाही मुहम्मद अदील अकबर और सिपाही निसार शामिल हैं। 
 
सेना ने दावा किया कि 6-7 मई की रात को भारत द्वारा किए गए हमलों में सात महिलाओं और 15 बच्चों सहित 40 नागरिक मारे गए और 121 अन्य घायल हो गए।  बयान में कहा गया है कि पाकिस्तान सशस्त्र बलों ने मरका-ए-हक के बैनर तले दृढ़तापूर्वक जवाब दिया और ऑपरेशन बुन्यान ए मर्सूस के माध्यम से सटीक और कठोर जवाबी हमले किए। बयान में कहा गया है कि पाकिस्तान के सशस्त्र बल, पाकिस्तान के लोगों के साथ मिलकर दिवंगत नागरिकों और सैन्य कर्मियों को श्रद्धांजलि देते हैं। 
 
इसमें कहा गया है, इसमें कोई अस्पष्टता नहीं होनी चाहिए : पाकिस्तान की संप्रभुता या क्षेत्रीय अखंडता को चुनौती देने के किसी भी प्रयास का, फिर कभी भी, त्वरित और निर्णायक जवाब दिया जाएगा।