न्यूयॉर्क। अमेरिका के पेन्सिलवेनिया में एक कार के पेड़ से टकराने के बाद पुल से नीचे गिर जाने के कारण उसमें सवार दो भारतीय छात्रों की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि शनिवार सुबह हुई इस दुर्घटना में वाहन की अगली सीट पर बैठा एक अन्य व्यक्ति भी घायल हो गया और उसे उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल ले जाया गया।
 
न्यूयॉर्क में भारत के वाणिज्यदूतावास ने सोमवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, सड़क हादसे के बारे में जानकर गहरा दुख हुआ। इस हादसे में क्लीवलैंड स्टेट यूनिवर्सिटी में अध्ययनरत भारतीय छात्रों मानव पटेल (20) और सौरव प्रभाकर (23) की जान चली गई। 
हर संभव सहायता का आश्वासन
 
 वाणिज्य दूतावास ने कहा, इस कठिन समय में हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उनके परिजनों के साथ हैं। वाणिज्य दूतावास मृतकों के परिजनों के संपर्क में है और उसने उन्हें हर संभव सहायता का आश्वासन दिया गया है।  लैंकेस्टरऑनलाइन.कॉम की खबर के अनुसार, शनिवार सुबह सात बजे ब्रेकनॉक टाउनशिप में पेन्सिल्वेनिया टर्नपाइक पर हुई दुर्घटना में छात्रों की मौत हो गई।
 
 लैंकेस्टर काउंटी कोरोनर कार्यालय और पेंसिल्वेनिया राज्य पुलिस के अनुसार, दुर्घटना के समय प्रभाकर वाहन चला रहा था। पुलिस का कहना है कि गंभीर रूप से घायल होने के कारण दोनों छात्रों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।