वाशिंगटन। इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के कार्यालय ने बृहस्पतिवार को कहा कि वाशिंगटन में इजाराइली दूतावास के दो कर्मचारियों की भयानक और यहूदी विरोधी गोलीबारी से प्रधानमंत्री स्तब्ध हैं। 
 
प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने एक बयान जारी कर कहा, हम यहूदी विरोध और इजराइल के खिलाफ उग्र भड़काऊ बयानबाजी की भयानक स्थिति के गवाह हैं। इजराइल के खिलाफ फैलाए जा रहे झूठे और घृणास्पद आरोपों की कीमत खून देकर चुकानी पड़ रही है और इनका डटकर अंततक मुकाबला किया जाना चाहिए। 
 
नेतन्याहू ने कहा कि उन्होंने दुनिया भर में इजराइली मिशनों को सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने बताया कि वाशिंगटन में इजराइली दूतावास के दो कर्मचारियों की बुधवार शाम को यहूदी संग्रहालय में एक कार्यक्रम से बाहर निकलते समय गोली मारकर हत्या कर दी गई और संदिग्ध ने गिरफ्तारी के बाद चिल्लाते हुए कहा, फलस्तीन को आजाद करो, आजाद करो।
 
मेट्रोपॉलिटन पुलिस प्रमुख पामेला स्मिथ ने संवाददाताओं को बताया कि एक पुरुष और एक महिला कैपिटल यहूदी संग्रहालय में एक कार्यक्रम से बाहर निकल रहे थे कि तभी संदिग्ध ने चार लोगों के समूह के पास जाकर गोलीबारी शुरू कर दी।