दमिश्क (सीरिया)। सीरिया के विदेश मंत्रालय ने कहा कि युद्ध प्रभावित देश पर लगे प्रतिबंधों में ढील देने के अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन के निर्णय को सीरिया मानवीय पीड़ा और आर्थिक संकट को दूर करने की दिशा में एक सकारात्मक कदम मानता है। मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि दमिश्क के साथ सहयोग के लिए इच्छुक किसी भी देश का सीरिया हाथ बढ़ाकर स्वागत करता है , बशर्तें वह देश के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप नहीं करे। ट्रंप प्रशासन द्वारा सीरिया पर लगे प्रतिबंधों में शुक्रवार को ढील दिए जाने के बाद यह बयान आया है। 
तुर्किए में अमेरिका के राजदूत थॉमस बैरक ने सीरिया के राष्ट्रपति और विदेश मंत्री से शनिवार को तुर्किए की उनकी यात्रा के दौरान मुलाकात की। बैरक को सीरिया के लिए विशेष दूत भी नियुक्त किया गया है।उन्होंने कहा कि सीरिया के राष्ट्रपति अहमद अल-शरा ने अमेरिका द्वारा प्रतिबंधों को हटाने के लिए उठाए गए त्वरित कदमों का स्वागत किया।बैरक ने एक बयान में कहा, राष्ट्रपति ट्रंप का लक्ष्य नई सरकार को ऐसी परिस्थितियां बनाने में सक्षम करना है कि सीरिया के लोग न केवल जीवित रह सकें बल्कि आगे भी बढ़ सकें।