वाशिंगटन। रूस द्वारा लगातार तीसरी रात कीव और अन्य यूक्रेनी शहरों पर ड्रोन एवं मिसाइल हमले किए जाने के मद्देनजर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पर तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि वह पूरी तरह उन्मादी हो गए हैं।
 

बिना कारण यूक्रेन के शहरों पर मिसाइल और ड्रोन दाग रहे हैं पुतिन

ट्रंप ने रविवार रात सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में लिखा, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ मेरे हमेशा से बहुत अच्छे संबंध रहे हैं लेकिन उन्हें कुछ हो गया है। वह बिल्कुल उन्मादी हो गए हैं। उन्होंने कहा कि पुतिन बहुत से लोगों की अनावश्यक रूप से जान ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिना किसी कारण के यूक्रेन के शहरों में मिसाइल और ड्रोन दागे जा रहे हैं। रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव और देश के अन्य क्षेत्रों पर ड्रोन और मिसाइल से बड़े पैमाने पर हमला किया, जिसमें कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। यूक्रेनी अधिकारियों के अनुसार, यह हमला फरवरी 2022 में रूस द्वारा यूक्रेन पर पूर्ण पैमाने पर आक्रमण करने के बाद से सबसे बड़ा हवाई हमला है। 

ट्रंप ने जेलेंस्की पर भी किया तंज़

अमेरिका के राष्ट्रपति ने चेतावनी दी कि अगर पुतिन पूरे यूक्रेन पर कब्जा करना चाहते हैं तो इससे रूस का पतन होगा। ट्रंप ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की को लेकर भी निराशा व्यक्त की। उन्होंने कहा कि वह जिस तरह से बात कर रहे हैं, उससे वह अपने देश को कोई फायदा नहीं पहुंचा रहे। ट्रंप ने सोशल मीडिया पर लिखा, उनके मुंह से निकली हर बात समस्याएं पैदा करती हैं। मुझे यह पसंद नहीं है और बेहतर होगा कि इसे रोका जाए।