रफह (गाजा पट्टी)। गाजा पट्टी में इजराइल समर्थित एक संगठन से सहायता आपूर्ति प्राप्त करने के लिए जाते समय रविवार को कम से कम 21 फलस्तीनियों की मौत हो गई। यह जानकारी रेडक्रॉस द्वारा संचालित एक अस्पताल ने दी। इस अस्पताल में इन लोगों के शवों को लाया गया। अस्पताल में अधिकारियों ने बताया कि 175 अन्य लोग घायल हुए हैं। उन्होंने यह नहीं बताया कि उन पर गोलीबारी किसने की।
एसोसिएटेड प्रेस (एपी) के एक पत्रकार ने अस्पताल में इलाज करा रहे दर्जनों घायलों को देखा। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि इजराइली सेना ने सहायता वितरण स्थल की ओर जा रहे लोगों पर गोलियां चलाईं। इस मामले में इजराइली सेना ने तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की है। गाजा ह्यूमैनिटेरियन फाउंडेशन द्वारा सहायता आपूर्ति का वितरण किए जाने के दौरान अराजकता की स्थिति रही है। कई प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि इजराइली सैनिकों ने सहायता वितरण स्थलों के पास भीड़ पर गोलीबारी की।
स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, रविवार से पहले कम से कम छह लोग मारे गए तथा 50 से अधिक घायल हुए। फाउंडेशन का कहना है कि उसके स्थलों की सुरक्षा कर रहे निजी सुरक्षाकर्मियों ने भीड़ पर गोली नहीं चलाई जबकि इजराइली सेना ने चेतावनी के तौर पर गोलियां चलाने की बात स्वीकार की है। फाउंडेशन ने लोगों के हताहत होने की घटना पर टिप्पणी करने के अनुरोध पर अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
इसने पहले एक बयान में कहा था कि रविवार की सुबह 16 ट्रकों से भेजी गई सहायता वितरित की गई और इस दौरान कोई घटना नहीं हुई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि रविवार को सहायता वितरण स्थल से लगभग एक किलोमीटर (1,000 गज) दूर एक गोल चक्कर पर गोलीबारी हुई। यह वितरण स्थल इजराइली सेना के नियंत्रण वाला क्षेत्र है। प्रत्यक्षदर्शी इब्राहिम अबू सऊद (40) ने बताया कि इजराइली सेना ने सहायता वितरण केंद्र की ओर बढ़ रहे लोगों पर गोलियां चलाईं।
उसने कहा, महिलाओं सहित कई लोग मारे गए। हम सेना से लगभग 300 मीटर (गज) दूर थे। अबू सऊद ने बताया कि उसने गोलीबारी के कारण घायल हुए कई लोगों को देखा जिनमें एक युवक भी शामिल था, जिसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। उसने कहा, हम उसकी मदद नहीं कर पाए। मोहम्मद अबू तेइमा (33) ने बताया कि उसने सहायता वितरण केंद्र की ओर जा रहे लोगों पर इजराइली सेना को गोलीबारी करते देखा तथा इस गोलीबारी में उसके रिश्ते के भाई और एक अन्य महिला की मौत हो गई।
