बोगोटा।कोलंबिया की राजधानी बोगोटा में शनिवार को एक चुनाव प्रचार अभियान रैली के दौरान हथियारबंद बदमाशों ने सांसद मिगुएल उरीबे टर्बे को गोली मार दी जिससे वह घायल हो गए। प्राधिकारियों ने यह जानकारी दी। देश के ऊपरी सदन सीनेट के सदस्य उरीबे अगले साल होने वाले राष्ट्रपति पद के चुनाव के संभावित प्रत्याशी हैं। उनकी पार्टी डेमोक्रेटिक सेंटर ने एक बयान जारी कर इस घटना को हिंसा का अस्वीकार्य कृत्य बताया।
पूर्व राष्ट्रपति अल्वारो उरीबे की पार्टी डेमोक्रेटिक सेंटर ने कहा कि यह घटना फोंटिबोन के एक पार्क में हुई जब हथियारबंद हमलावरों ने सांसद को पीछे से गोली मार दी। सोशल मीडिया पर प्रसारित तस्वीरों में देखा जा सकता है कि खून से लथपथ उरीबे को कई लोगों ने पकड़ रखा है। सांता फे फाउंडेशन अस्पताल की एक मेडिकल रिपोर्ट में कहा गया कि सीनेटर को गंभीर हालत में भर्ती कराया गया और न्यूरोसर्जिकल और रक्त संचार को दुरस्त करने संबंधी चिकित्सीय प्रकिया जारी है।
उरीबे की पत्नी मारिया क्लाउडिया ताराजोना ने कोलंबिया के लोगों से प्रार्थना करने का आग्रह करते हुए सीनेटर के एक्स खाते से पोस्ट साझा कर कहा, मिगुएल जिंदगी के लिए संघर्ष कर रहे हैं। घटना की जांच कर रहे अटॉर्नी जनरल के कार्यालय ने कहा कि इस हमले में सीनेटर को दो गोलियां लगीं और घटना में दो अन्य लोग भी घायल हुए हैं। कार्यालय ने बयान में कहा कि घटनास्थल से 15 वर्षीय एक लड़के को पकड़ा गया है जिसके पास से बंदूक भी बरामद की गई। कोलंबिया सरकार ने कहा कि इस हमले के जिम्मेदार लोगों को पकड़ने के लिए इनाम घोषित किया गया है।
कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, जीवन का सम्मान करें। इसे (इस घटना को) बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
राष्ट्रपति के बयान के अनुसार, पेट्रो ने घटना की गंभीरता के कारण फ्रांस की अपनी निर्धारित यात्रा रद्द कर दी। शनिवार देर रात सिक्योरिटी काउंसिल के एक असाधारण सत्र का नेतृत्व करने के बाद कोलंबिया के राष्ट्रपति ने जांच में पूर्ण पारदर्शिता का वादा किया। उन्होंने सीनेटर के अंगरक्षकों की किसी भी विफलता की जांच का भी वादा किया। उरीबे एक दक्षिणपंथी सीनेटर हैं और उनकी मां एक पत्रकार थीं। उनकी मां की एक आपराधिक गिरोह ने अपहरण करने के बाद हत्या कर दी थी।
उरीबे को मई 2026 में होने वाले कोलंबिया के राष्ट्रपति पद के चुनाव का संभावित उम्मीदवार माना जा रहा है। सीनेटर ने मार्च में राष्ट्रपति पद के लिए अपनी दावेदारी की घोषणा की थी। कोलंबिया के पुलिस प्रमुख जनरल कार्लाेस ट्िरयाना ने कहा कि हमले के समय उरीबे के साथ काउंसिलमैन एंड्रेस बैरियोस और 20 अन्य लोग थे। उन्होंने कहा कि हमले में कथित रूप से संलिप्त एक नाबालिग को घटनास्थल पर ही पकड़ लिया गया और उसका पैर घायल हो गया है तथा उसका उपचार किया जा रहा है। रक्षा मंत्री पेड्रो सांचेज ने कहा, मैंने कोलंबिया के सैन्य और पुलिस बलों तथा खुफिया एजेंसियों को आदेश दिया है कि इस पूरे मामले की जांच कर तत्काल स्थिति स्पष्ट करें।
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्काे रुबियो ने एक्स पर कहा कि अमेरिका सीनेटर मिगुएल उरीबे की हत्या के प्रयास की कड़े शब्दों में निंदा करता है और उन्होंने राष्ट्रपति पेट्रो से आग्रह किया कि वह भड़काऊ बयानबाजी पर लगाम लगाने और कोलंबियाई अधिकारियों की रक्षा करने के लिए कदम उठाएं। लैटिन अमेरिका से भी इस घटना पर प्रतिक्रिया दी गई है। चिली के राष्ट्रपति गेब्रियल बोरिक ने कहा कि लोकतंत्र में हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है। इक्वाडोर के राष्ट्रपति डैनियल नोबोआ ने कहा कि हम हर तरह की हिंसा और असहिष्णुता की निंदा करते हैं। दोनों राष्ट्रपतियों ने सीनेटर के परिवार के प्रति एकजुटता व्यक्त की।
