तोक्यो। दक्षिणी जापान स्थित ओकिनावा द्वीप में अमेरिका के एक सैन्य अड्डे में युद्धकालीन बम के भंडारण स्थल पर हुए विस्फोट में जापान की सेना के चार जवान घायल हो गए। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।अधिकारियों ने बताया कि जवानों की उंगलियों में चोटें आई हैं।स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि यह विस्फोट उस समय हुआ जब ए जवान ओकिनावा प्रांत में उस भंडारण स्थल पर काम कर रहे थे जहां द्वीप पर मिले बिना फटे बम को संग्रहीत किया गया है।
प्रांत के अधिकारियों ने बताया कि चोटें जानलेवा नहीं हैं, लेकिन कोई अन्य विवरण नहीं दिया। अमेरिकी वायुसेना ने एक बयान में कहा कि यह विस्फोट ओकिनावा प्रांत की सरकार द्वारा प्रबंधित कडेना एयरबेस के आयुध भंडारण क्षेत्र में हुआ। इसने कहा कि इस घटना में कोई भी अमेरिकी सैनिक शामिल नहीं था। द सेल्फ डिफेंस फोर्स (एसडीएफ) के ज्वाइंट स्टाफ ने बताया कि कडेना एयरबेस में विस्फोट की सूचना मिली है जिसकी जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि यह घटना उस समय हुई जब आयुध प्रबंधन में माहिर जापान की सेना के जवानों का एक दल एयरबेस के पास काम कर रहा था।
जापान के आस-पास बिना फटे सैकड़ों युद्धकालीन बम दबे हुए हैं। निर्माण स्थलों और अन्य जगहों पर खुदाई के दौरान इन बम के मिलने की घटनाएं सामने आती रहती हैं। पिछले साल अक्टूबर में, दक्षिणी जापान के एक हवाई अड्डे पर एक युद्धकालीन अमेरिकी बम फट गया था जिससे वहां एक बड़ा गड्ढा बन गया और कई उड़ानें स्थगित करनी पड़ी थीं।
