अमेरिका ने रविवार तड़के ईरान के तीन परमाणु स्थलों पर हमले किए और ईरान के परमाणु कार्यक्रम को तबाह करने के मकसद से इजराइल की ओर से शुरू किए गए हमलों में शामिल हो गया। इस बीच ईरान ने कहा कि इस्फहान, फोर्दाे, नतांज और अन्य परमाणु प्रतिष्ठानों पर अमेरिका के हमले के बाद विकिरण के कोई संकेत नहीं मिले हैं

वाशिंगटन/दुबई/यरुशलम।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका के हमलों में ईरान के प्रमुख परमाणु ठिकाने पूरी तरह से नष्ट हो गए हैं। ट्रंप ने शनिवार रात व्हाइट हाउस (अमेरिका के राष्ट्रपति का आधिकारिक आवास एवं कार्यालय) में यह टिप्पणी की। इससे पहले उन्होंने कहा था कि अमेरिकी सेना ने ईरान में तीन प्रमुख परमाणु केंद्रों पर हमले किए हैं।साथ ही राष्ट्रपति ने ईरान को अमेरिका के विरुद्ध जवाबी हमले के खिलाफ चेतावनी दी और कहा कि ईरान को यह तय करना है कि उसे शांति चाहिए या त्रासदी।
 

ईरान की परमाणु एजेंसी ने देश के परमाणु केन्द्रों पर हमलों की पुष्टि की

ईरान की परमाणु एजेंसी ने रविवार को पुष्टि की कि उसके फोर्डाे, इस्फहान और नतांज परमाणु केन्द्रों पर हमले हुए हैं।अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा परमाणु केन्द्रों पर अमेरिकी हमले की घोषणा के बाद ईरान के परमाणु ऊर्जा संगठन ने एक बयान जारी कर यह जानकारी दी। संगठन ने अपने बयान में कहा कि ईरान का परमाणु ऊर्जा संगठन राष्ट्र को आश्वासन देता है कि अपने दुश्मनों की बुरी साजिशों के बावजूद वह अपने हजारों क्रांतिकारी और प्रतिबद्ध वैज्ञानिकों एवं विशेषज्ञों के प्रयासों से उठ खड़ा होगा।
 
इससे पहले ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी इरना ने अपनी एक खबर में देश के फोर्डाे परमाणु केन्द्र पर हमले की बात स्वीकार की थी। समाचार एजेंसी ने कहा कि हमलों में इस्फहान और नतांज परमाणु केन्द्र को निशाना बनाया गया।इरना ने इस्फहान में सुरक्षा मामलों के प्रभारी उप-गवर्नर अकबर सालेही के हवाले से कहा कि परमाणु केन्द्रों के आसपास हमले हुए हैं। हालांकि उन्होंने इस बारे में कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी।
 
ईरान के कोम प्रांत से जारी एक बयान का हवाला देते हुए इरना ने कहा, कुछ घंटे पहले कोम हवाई सुरक्षा सक्रिय हुई और शत्रुतापूर्ण लक्ष्यों की पहचान की गई। उसी दौरान फोर्डाे परमाणु केन्द्र के एक हिस्से पर दुश्मनों ने हमला किया। इरना की खबर में इस बारे में विस्तृत जानकारी नहीं दी गई।
 
 ईरान की अर्द्ध-सरकारी समाचार एजेंसी तस्नीम ने कोम में एक प्रांतीय अधिकारी के हवाले से कहा कि हवाई सुरक्षा ने फोर्डाे परमाणु केन्द्र के आसपास के क्षेत्र को निशाना बनाकर किए गए हमले के जबाव में हमला किया। हालांकि एजेंसी ने कोई अन्य जानकारी नहीं दी। माना जाता है कि समाचार एजेंसी तस्नीम देश के अर्द्धसैनिक बल रिवोल्यूशनरी गार्ड के पक्ष वाली है।समाचार एजेंसी फार्स ने एक अन्य अधिकारी के हवाले से कहा कि इस्फहान के पास गोलीबारी और विस्फोटों की आवाज़ सुनी गई।

नेतन्याहू ने अमेरिकी हमलों का स्वागत किया

इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने ईरान पर हमले करने के अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के फैसले के लिए उनकी सराहना की है। नेतन्याहू ने ट्रंप को एक वीडियो संदेश में कहा, ईरान के परमाणु प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने का आपका साहसिक निर्णय इतिहास बदल देगा...। नेतन्याहू ने कहा कि अमेरिका ने जो किया है वो कोई अन्य देश नहीं कर सकता।
 

इजराइल अमेरिकी हमले के बाद अपना हवाई क्षेत्र बंद करने की घोषणा की

 इजराइल के हवाईअड्डा प्राधिकरण ने रविवार को कहा कि वह ईरान के परमाणु स्थलों पर अमेरिका के हमलों के मद्देनजर देश का हवाई क्षेत्र बंद कर रहा है। प्राधिकरण ने कहा कि वह हालिया घटनाक्रम के कारण हवाई यातायात बंद कर रहा है। हालांकि प्राधिकरण ने यह नहीं बताया कि यह कितने समय तक रहेगा।
 
अमेरिका ने रविवार तड़के ईरान के तीन परमाणु स्थलों पर हमले किए और ईरान के परमाणु कार्यक्रम को तबाह करने के मकसद से इजराइल की ओर से शुरू किए गए हमलों में शामिल हो गया। इस बीच ईरान ने कहा कि इस्फहान, फोर्दाे, नतांज और अन्य परमाणु प्रतिष्ठानों पर अमेरिका के हमले के बाद विकिरण के कोई संकेत नहीं मिले हैं। ईरान की सरकारी मीडिया ने देश के राष्ट्रीय परमाणु सुरक्षा प्रणाली केंद्र के बयान का हवाला देते हुए खबर दी है कि विकिरण डिटेक्टर ने हमलों के बाद कोई रेडियोधर्मी उत्सर्जन नहीं पाया।