जोहरान प्रख्यात भारतीय फिल्म निर्माता मीरा नायर के बेटे हैं
उनकी मां मीरा नायर ने मानसून वेडिंग और सलाम बॉम्बे जैसी फ़िल्मों के लिए प्रशंसा बटोरी है।
न्यूयॉर्क।भारतीय-अमेरिकी सांसद जोहरान क्वामे ममदानी ने न्यूयॉर्क सिटी के मेयर पद के लिए डेमोक्रेटिक पार्टी के प्राइमरी चुनाव में पूर्व गवर्नर एंड्रयू क्युमो को हरा दिया है। प्रख्यात भारतीय फिल्म निर्माता मीरा नायर और भारतीय मूल के युगांडा के लेखक महमूद ममदानी के बेटे जोहरान को मंगलवार रात को मेयर पद के लिए डेमोक्रेटिक प्राइमरी चुनाव में विजेता घोषित किया गया।ममदानी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, नेल्सन मंडेला के शब्दों में: कठिन से कठिन कार्य भी तब तक असंभव लगता है, जब तक हम उसे पूरा नहीं कर लेते। मेरे दोस्तों, यह पूरा हो चुका है। और आप ही हैं जिन्होंने इसे पूरा किया है। मुझे न्यूयॉर्क शहर के मेयर के लिए आपका डेमोक्रेटिक उम्मीदवार बनने पर गर्व है।
ममदानी का जन्म 18 अक्टूबर 1991 को युगांडा के कम्पाला में हुआ था और उनका पालन-पोषण न्यूयॉर्क सिटी में हुआ। जब वह सात साल के थे, तब अपने माता-पिता के साथ न्यूयॉर्क आकर बस गए थे। उनकी मां मीरा नायर ने मानसून वेडिंग और सलाम बॉम्बे जैसी फ़िल्मों के लिए प्रशंसा बटोरी है। क्वीन्स से राज्य विधानसभा सदस्य और मेयर पद के लिए चुनाव लड़ रहे डेमोक्रेटिक सोशलिस्ट ममदानी का विवाह ब्रुकलिन में रहने वाली सीरियाई मूल की कलाकार रमा दुवाजी से हुआ है।
अमेरिकी सीनेटर बर्नी सैंडर्स ने ममदानी और उनके हजारों जमीनी समर्थकों को उनके असाधारण अभियान के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा, आपने (ममदानी) राजनीतिक, आर्थिक और मीडिया प्रतिष्ठानों का सामना किया और उन्हें हरा दिया। अब आम चुनाव में जीत की बारी है।
न्यूयॉर्क टाइम्स ने क्वीन्स में एक विजई समारोह में ममदानी के हवाले से कहा, मेरे दोस्तों, हमने यह कर दिखाया है। मैं न्यूयॉर्क सिटी के मेयर के लिए आपका डेमोक्रेटिक उम्मीदवार रहूंगा।
यौन उत्पीड़न कांड के बाद वापसी का प्रयास कर रहे क्युमो ने समर्थकों से कहा कि उन्होंने ममदानी को फोन करके बधाई दी है।क्युमो ने हार स्वीकार करते हुए कहा, आज की रात, हमारी रात नहीं है। आज की रात, उनकी (ममदानी) रात है। वह इसके हकदार है। वह जीत गए। यौन उत्पीड़न कांड के बाद गवर्नर पद से क्युमो (67) के इस्तीफे के करीब चार साल बाद यह चुनाव हुआ है।क्युमो ने राज्य के अटॉर्नी जनरल की एक रिपोर्ट के बाद 2021 में इस्तीफा दे दिया था। इस रिपोर्ट में कहा गया था कि क्युमो ने कम से कम 11 महिलाओं का यौन उत्पीड़न किया। हालांकि, क्युमो यह कहते रहे हैं कि उन्होंने जानबूझकर महिलाओं का उत्पीड़न नहीं किया और उन्होंने केवल कार्यस्थल पर उचित आचरण पर जोर दिया था।
इस बीच, ममदानी ने संकल्प जताया है कि वह मेयर के रूप में सभी स्थाई किराएदारों के लिए किराए को फ्रीज कर देंगे तथा न्यूयॉर्क वासियों की जरूरत के अनुसार आवास बनाने और किराया कम करने के लिए हर उपलब्ध संसाधन का उपयोग करेंगे। किराया-मुक्त बसों का वादा करते हुए उनके प्रचार अभियान ने कहा कि मेयर के रूप में वह शहर की हर बस में किराया स्थाई रूप से समाप्त कर देंगे और बसों की सेवा में तेजी लाने की कोशिश करेंगे।
खाद्य पदार्थों की कीमतें नियंत्रण से बाहर होने के मद्देनजर उनके अभियान ने यह भी वादा किया कि मेयर के रूप में ममदानी शहर के स्वामित्व वाली किराना दुकानों का एक नेटवर्क बनाएंगे, जो लाभ कमाने के बजाय कीमतें कम रखने पर ध्यान केंद्रित करेंगी।उनके प्रचार अभियान ने कहा, न्यूयॉर्क बहुत महंगा है। जोहरान महंगाई कम करेंगे और जिंदगी को आसान बनाएंगे। न्यूयॉर्क सिटी के मेयर पद का चुनाव इस साल चार नवंबर को होना है।
