वाशिंगटन।अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूक्रेन को हथियारों की आपूर्ति फिलहाल रोकने संबंधी आदेश जारी करने के कुछ ही दिन बाद कहा है कि अमेरिका कीव को और हथियार भेजेगा।उनका यह बयान पेंटागन (अमेरिका के रक्षा मंत्रालय का मुख्यालय) द्वारा पिछले सप्ताह की गई घोषणा के बाद उनके अचानक बदले रुख को दर्शाता है। पेंटागन ने कहा था कि वह यूक्रेन को हवाई हमलों से बचाव करने वालीं मिसाइलें, सटीक निशाना लगाने वालीं तोपें जैसे कुछ हथियार भेजना फिलहाल रोक रहा है। यह आदेश इसलिए दिया गया था क्योंकि
अमेरिका इस बात को लेकर चिंतित है कि उसके अपने हथियारों का भंडार बहुत कम हो गया है।
 
यूक्रेन को और हथियार भेजने के सवाल पर ट्रंप ने संवाददाताओं से कहा, हमें ऐसा करना ही होगा। उन्हें अपनी रक्षा करने में सक्षम होना होगा। पेंटागन ने सोमवार देर रात पुष्टि की कि ट्रंप के निर्देश पर यूक्रेन को हथियारों की आपूर्ति दोबारा शुरू की जाएगी ताकि वह खुद का बचाव कर सकें, जबकि अमेरिका एक स्थाई शांति स्थापित करने और हिंसा रोकने के लिए काम कर रहा है। हालांकि, पेंटागन के प्रवक्ता सीन पारनेल ने यह भी कहा कि ट्रंप पूरी दुनिया में सैन्य संसाधनों की आपूर्ति की समीक्षा कर रहे हैं जो अमेरिका प्रथम रक्षा नीति का हिस्सा है।
 
यूक्रेन में सोमवार को अधिकारियों ने बताया कि कीव पर रूस द्वारा किए गए हमलों में कम से कम 11 आम लोगों की मौत हो गई और सात बच्चों समेत 80 से ज्यादा लोग घायल हो गए। रूस ने हाल ही में यूक्रेन के असैन्य क्षेत्रों पर अपने हवाई हमलों को तेज कर दिया है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने सोमवार को कहा कि पिछले सप्ताह रूस ने यूक्रेन पर लगभग।,270 ड्रोन, 39 मिसाइल और लगभग।,000 शक्तिशाली ग्लाइड बम दागे।