बैंकॉक। थाईलैंड में वरिष्ठ नेता अनुतिन चार्नविराकुल रविवार को शाही अनुमोदन प्राप्त करने के बाद देश के प्रधानमंत्री बन गए। अदालत के आदेश पर उनके पूर्ववर्ती को पद से हटाए जाने के बाद दो दिन पहले संसद द्वारा उन्हें इस पद के लिए चुना गया। अनुतिन (58) ने पैतोंगटार्न शिनावात्रा का स्थान लिया है, जिन्हें पिछले सप्ताह अदालत के आदेश पर प्रधानमंत्री पद से बर्खास्त कर दिया गया था, क्योंकि पड़ोसी देश कंबोडिया के सीनेट अध्यक्ष हुन सेन के साथ लीक हुई फोन कॉल के जरिए उन्हें नैतिकता के नियमों के उल्लंघन का दोषी पाया गया था। अनुतिन ने पैतोंगटार्न के मंत्रिमंडल में उप प्रधानमंत्री के तौर पर काम किया था, लेकिन लीक हुए फोन कॉल की खबर से हंगामा मचने के बाद उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था और गठबंधन सरकार से अपनी पार्टी का समर्थन वापस ले लिया था।अनुतिन को नियुक्ति पत्र बैंकॉक स्थित उनकी भूमजैथाई पार्टी के मुख्यालय में आयोजित एक समारोह में मिला, जिसमें उनकी गठबंधन सरकार में शामिल होने की संभावना वाले दलों के वरिष्ठ सदस्य शामिल हुए। उन्होंने एक बयान में कहा, मैं शपथ लेता हूं कि मैं अपनी पूरी क्षमता, ईमानदारी और सदाचार के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करने के लिए दृढ़ संकल्पित हूं।
