ह्यूस्टन। अमेरिका के टेक्सास राज्य में वॉशिंग मशीन को लेकर हुए विवाद के बाद 50 वर्षीय भारतीय मूल के होटल प्रबंधक का उसकी पत्नी और बेटे के सामने सिर कलम कर दिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। ापराधिक इतिहास वाले संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया गया है जो होटल प्रबंधक का सहकर्मी है। यह घटना बुधवार सुबह डलास के डाउनटाउन सुइट्स होटल में हुई।

 
डलास पुलिस विभाग के अनुसार, मूल रूप से कर्नाटक निवासी चंद्र मौली बॉब नागमल्लैया की, उसके सहकर्मी योर्डानिस कोबोस-मार्टिनेज के साथ खराब वॉशिंग मशीन को लेकर हुए विवाद के बाद हत्या कर दी गई। कोबोस-मार्टिनेज (37) कथित तौर पर उस समय आपा खो बैठा, जब नागमल्लैया ने उससे सीधे बात करने के बजाय किसी अन्य व्यक्ति से उनके निर्देशों का अनुवाद करने को कहा।
 
 
सीसीटीवी फुटेज में कोबोस-मार्टिनेज को एक चाकू निकालते और नागमल्लैया पर हमला करते हुए देखा गया है। इसके बाद पीड़ित होटल कार्यालय की ओर भागा, जहां उसकी पत्नी और 18 वर्षीय बेटा मौजूद थे, लेकिन संदिग्ध ने उनका पीछा किया और नागमल्लैया को उनकी पत्नी और बेटे द्वारा बचाए जाने के प्रयासों के बावजूद फिर हमला किया। कोबोस-मार्टिन का ह्यूस्टन में पहले भी आपराधिक इतिहास रहा है, जिसमें वाहन चोरी और हमले के लिए गिरफ़्तारियां शामिल हैं। अगर वह दोषी पाया जाता है तो उसे बिना पैरोल के उम्रकैद या मौत की सजा सुनाई जा सकती है।
 
 
ह्यूस्टन स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने नागमल्लैया की मौत पर शोक व्यक्त किया और कहा कि वह इस मामले पर कड़ी नज़र रख रहा है।दूतावास ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, हम परिवार के संपर्क में हैं और हरसंभव सहायता प्रदान कर रहे हैं। आरोपी डलास पुलिस की हिरासत में है।  दोस्तों और परिवार के बीच बॉब के नाम से मशहूर नागमल्लैया को उनके प्रियजनों ने श्रद्धांजलि दी। उनके मित्रों ने कहा, यह अकल्पनीय त्रासदी है और बेहद दर्दनाक घटना है।  नागमल्लैया के मित्र, परिवार और स्थानीय भारतीय पीड़ित परिवार की मदद के लिए आगे आ रहे हैं।