वाशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप चीन के नेता शी चिनफिंग से सोशल मीडिया ऐप टिकटॉक को अमेरिका में संचालित करने की अनुमति देने के संबंध में तथा दोनों देशों के बीच संबंधों पर शुक्रवार को चर्चा कर सकते हैं। इस बातचीत से यह भी संकेत मिल सकता है कि क्या दोनों नेता व्यापार युद्ध को समाप्त करने के वास्ते अंतिम समझौते पर पहुंचने के लिए व्यक्तिगत रूप से मुलाकात करेंगे या नहीं। ट्रंप ने बृहस्पतिवार को कहा, जैसा कि आप जानते हैं मैं टिकटॉक और व्यापार पर शुक्रवार को राष्ट्रपति शी चिनफिंग से बातचीत करने वाला हूं। हम इन सभी मुद्दों पर समझौते के बहुत करीब हैं। ट्रंप ने कहा कि चीन के साथ उनके संबंध बहुत अच्छे हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि अगर यूरोपीय देश चीन पर ज़्यादा शुल्क लगाएं तो रूस, यूक्रेन में जारी युद्ध बंद कर सकता है।
