वाशिंगटन।अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वह अपने चीनी समकक्ष शी चिनफिंग से अक्टूबर के अंत में दक्षिण कोरिया में होने वाले एक क्षेत्रीय शिखर सम्मेलन में मिलेंगे और अगले वर्ष की शुरुआत में चीन का दौरा भी करेंगे। ट्रंप ने यह टिप्पणी दोनों नेताओं के बीच शुक्रवार को टेलीफोन पर हुई बातचीत के बाद की। ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर कहा कि चिनफिंग भी उपयुक्त समय पर अमेरिका आएंगे। उन्होंने बताया कि दोनों नेताओं ने टिकटॉक समझौते को मंजूरी दे दी है। ट्रंप ने लिखा, बातचीत बेहद अच्छी रही। हम फिर से फोन पर बात करेंगे। टिकटॉक समझौते की सराहना करता हूं। हम दोनों एपीईसी (एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग) शिखल सम्मेलन में मिलने की प्रतीक्षा कर रहे हैं। एपीईसी प्रशांत महासागर से जुड़ी 21 अर्थव्यवस्थाओं का समूह है।चीन की आधिकारिक समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने बताया कि फोन कॉल के दौरान चीनी राष्ट्रपति ने द्विपक्षीय संबंधों के महत्व पर जोर दिया और अमेरिका से किसी भी एकतरफा व्यापारिक प्रतिबंध से बचने का आग्रह किया। ट्रंप के फिर से राष्ट्रपति का पदभार संभालने और चीन पर भारी टैरिफ (शुल्क) लगाने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति की यह चिनफिंग के साथ दूसरी बातचीत है। टैरिफ के कारण दोनों देशों के रिश्तों में तनाव आ गया था।
