पलक्कड़।भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को विधायक राहुल ममकूटाथिल के कार्यालय के सामने विरोध प्रदर्शन किया, जिन्हें एक महिला और एक तृतीय लिंगी (ट्रांसजेंडर) व्यक्ति से दुराचार के आरोप लगने के बाद कांग्रेस से निलंबित कर दिया गया है। विधायक के अपने निर्वाचन क्षेत्र में लौटने की अफवाह फैलने के बाद भाजपा ने विरोध प्रदर्शन किया। हाल ही में खिलाफ यौन दुराचार के कई आरोप सामने आने के बाद राहुल पिछले एक महीने से पलक्कड़ से दूर रह रहे हैं। उनके पलक्कड़ आने की खबर फैलने के मद्देनजर महिलाओं समेत भाजपा कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां लिए सुबह छह बजे ही उनके कार्यालय के बाहर इकट्ठा हो गए और नारे लगाने लगे। उन्होंने घोषणा की कि राहुल को अपने निर्वाचन क्षेत्र में दोबारा घुसने नहीं दिया जाएगा। पुलिस सुबह करीब आठ बजे विधायक के कार्यालय पहुंची और प्रदर्शनकारियों को खदेड़ दिया, इस दौरान कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में भी लिया गया। भाजपा के जिला नेताओं ने बाद में घोषणा की कि ममकूटाथिल के खिलाफ उनका विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।
