सियोल। उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन ने कहा कि उनके जेहन में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से पूर्व में की गई मुलाकातों की अच्छी यादें अब भी ताजा हैं। किम ने साथ ही, लंबे समय से रुकी हुई राजनयिक स्तर की वार्ता बहाल करने के लिए पूर्व शर्त के रूप में उत्तर कोरिया से परमाणु हथियार बनाना बंद करने संबंधी मांग छोड़ने की अपील की। रविवार को उत्तर कोरिया की संसद को संबोधित करते हुए किम ने इस बात पर जोर दिया कि प्रतिद्वंद्वी देश दक्षिण कोरिया के साथ बातचीत शुरू करने का उनका कोई इरादा नहीं है। दक्षिण कोरिया अमेरिका का एक प्रमुख सहयोगी है, जिसने अमेरिकी राष्ट्रपति के पहले कार्यकाल के दौरान ट्रंप के साथ किम की शिखर बैठकों में मध्यस्थता करने में मदद की थी। किम की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्यूंग संयुक्त राष्ट्र महासभा के सत्र में भाग लेने के लिए न्यूयॉर्क रवाना होने वाले हैं। उम्मीद है कि वह कोरियाई प्रायद्वीप में परमाणु तनाव पर और वार्ता की मेज पर उत्तर कोरिया के लौटने के संबंध में बात कर सकते हैं।