नई दिल्ली। भारत और फ्रांस ने सोमवार को असैन्य परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में संबंधों की समीक्षा की और तीसरे देशों के साथ संयुक्त परियोजनाओं की संभावनाएं भी खंगालीं। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में यह जानकारी दी। बयान के मुताबिक, यह चर्चा असैन्य परमाणु ऊर्जा पर द्विपक्षीय विशेष कार्यबल की बैठक में हुई, जिसकी सह-अध्यक्षता विदेश सचिव विक्रम मिसरी और फ्रांसीसी विदेश मंत्रालय की महासचिव ऐनी-मैरी डेस्कोटेस ने की। यह बैठक नई दिल्ली में हुई। बयान के अनुसार, दोनों पक्षों ने विभिन्न बैठकों और परामर्शों के माध्यम से असैन्य परमाणु सहयोग में पिछले वर्ष की प्रगति की व्यापक समीक्षा की।
