संयुक्त राष्ट्र। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्काे रुबियो ने दावा किया है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भारत और पाकिस्तान के बीच बेहद खतरनाक संघर्ष को रोकने में काफी हद तक शामिल रहे थे।
मंगलवार को यूक्रेन पर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की मंत्रिस्तरीय बैठक में रुबियो ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति की शीर्ष प्राथमिकताओं में से एक वैश्विक शांति बहाल करना है। उन्होंने कहा, जब राष्ट्रपति ट्रंप ने पद संभाला तो उन्होंने दुनिया में जहां भी अवसर मिला वहां शांति बहाल करना अपनी सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल किया। और इसमें कई स्थानों पर बड़ी सफलता मिली है।
रुबियो ने कहा, भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष हुआ था, जो बहुत खतरनाक था। राष्ट्रपति ने इसमें बीच-बचाव करने का फैसला किया और शत्रुता समाप्त करने में बहुत अहम भूमिका निभाई। रुबियो ने कहा कि ट्रंप ने थाईलैंड और कंबोडिया, कांगो और रवांडा तथा अजरबैजान और आर्मेनिया के बीच संघर्षों को हल करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।हालांकि, उन्होंने कहा कि यूक्रेन में जारी युद्ध एक असाधारण चुनौती साबित हुआ है।
अमेरिकी विदेश मंत्री ने कहा, राष्ट्रपति ने इस पर लगातार काम किया है, इसमें अपना बहुत सारा समय, ऊर्जा लगाई और सरकार के सर्वाेच्च स्तर तक भागीदारी की। उन्होंने कहा कि तुर्किए, सऊदी अरब और अलास्का में बैठकों के साथ ही फोन पर कई बार बातचीत कीं तथा इन सभी का उद्देश्य इस संघर्ष को समाप्त करना था।
