इस्लामाबाद। पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में कई दिन से जारी हिंसक प्रदर्शन के बाद प्रदर्शनकारियों और संघीय सरकार ने आंदोलन खत्म करने को लेकर शनिवार को एक समझौते पर हस्ताक्षर किए। इन प्रदर्शनों में कम से कम 10 लोगों की मौत हुई है और सैकड़ों घायल हुए हैं।
प्रदर्शनकारियों के प्रतिनिधि निकाय जम्मू कश्मीर जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी (जेकेजेएसी) के अधिकारियों और नेताओं के बीच वार्ता विफल होने पर 29 सितंबर को शुरू हुई हड़ताल के दौरान हिंसा हुई थी। प्रदर्शनकारियों ने 38 बिंदुओं का एक ज्ञापन जारी कर अधिकारियों से उन्हें स्वीकार करने का आग्रह किया था।
प्रदर्शनकारियों ने कहा था कि अगर उसे स्वीकार नहीं किया गया तो वे सड़कों पर उतरेंगे। उन्होंने अंतत: ऐसा ही किया। इसके परिणामस्वरूप प्रदर्शनकारियों की पुलिस से हिंसक झड़पें हुईं, जिसमें तीन पुलिसकर्मियों समेत कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई। विरोध प्रदर्शनों में सैकड़ों पुलिसकर्मी और आम लोग घायल हुए।
