काठमांडू। पूर्वी नेपाल के कोशी प्रांत में शनिवार की शाम से लगातार बारिश के कारण कई हिस्सों में भूस्खलन हुआ, जिसमें 18 लोगों की मौत हो गई।पुलिस ने बताया कि घोसांग में छह और मंगसेबुंग में पांच लोगों की मौत हो गई। वहीं इलम जिले के अन्य इलाकों में सात अन्य लोगों की मौत हो गई है। एक अधिकारी ने रविवार को कहा कि नेपाल की सेना को बचाव कार्य के लिए तैनात कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि सेना ने विमान की मदद से घटनास्थल से एक गर्भवती महिला समेत दो घायलों को बाहर निकाला है जिन्हें इलाज के लिए धरान नगरपालिका के अस्पताल में ले जाया गया है। खराब मौसम के कारण बचाव अभियान भी प्रभावित हुआ है। नेपाल के सात प्रांतों में से पांच प्रांतों में मानसून सक्रिय है जिनमें कोशी, मधेश,बागमती, गण्डकी और लुम्बिनी शामिल हैं।