वाशिंगटन।अमेरिका में संघीय सरकार के छह दिन से जारी शटडाउन को खत्म करने के लिए रिपब्लिकन और डेमोक्रेटिक पार्टी के सांसदों के बीच गतिरोध बना हुआ है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि इसके कारण सरकारी कर्मचारियों की छंटनी शुरू हो चुकी है और उन्होंने डेमोक्रेट्स को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया। ट्रंप प्रशासन का मानना है कि शटडाउन के दौरान सरकारी कर्मचारियों को बर्खास्त कर बजट पर अधिक नियंत्रण पाया जा सकता है। रविवार रात जब ट्रंप से पूछा गया कि संघीय कर्मचारियों को कब निकाला जाएगा, जैसा कि उन्होंने धमकी दी है, तो उन्होंने संवाददाताओं से कहा, यह अभी हो रहा है और यह सब डेमोक्रेट्स की वजह से हो रहा है। उन्होंने कहा, डेमोक्रेट्स बहुत सारी नौकरियों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। ट्रंप ने इस सवाल का जवाब देने से इनकार कर दिया कि किन एजेंसियों में कटौती की जाएगी। अमेरिका में फिलहाल शटडाउन लागू है, जिसमें सरकारी वित्तपोषण पर रोक है। शटडाउन को खत्म करने के लिए संसद के दोनों सदनों, सीनेट और प्रतिनिधि सभा में सत्तारूढ़ रिपब्लिकन पार्टी और विपक्षी डेमोक्रेटिक पार्टी के बीच सहमति नहीं बन पाई है।
