यरुशलम। इजराइल और हमास ने सोमवार को बंधकों तथा कैदियों को रिहा कर गाजा युद्धविराम समझौते के पहले महत्वपूर्ण चरण को आगे बढ़ाया, जिसने उम्मीद जगाई है कि अमेरिका की मध्यस्थता से हुआ यह समझौता शायद दो साल से जारी उस युद्ध को स्थाई रूप से समाप्त कर सके, जिसने गाजा को मलबे के ढेर में तब्दील कर दिया है। हालांकि, हमास के निरस्त्रीकरण, गाज़ा के शासन और फलस्तीन को राष्ट्र के रूप में मान्यता देने जैसे जटिल मुद्दे अब भी अनसुलझे हैं, जिससे यह स्पष्ट होता है कि यह समझौता फिलहाल केवल युद्ध को रोकने का अस्थाई उपाय है।इजराइल के लिए 20 जीवित बंधकों की रिहाई ने उत्साह और राहत का माहौल बनाया लेकिन उनके लौटने के बाद युद्ध समाप्त करने का दबाव अब घट सकता है, जिससे प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को समझौते के अगले चरणों को आगे बढ़ाने का समय मिल सकता है। समझौते के पहले चरण के तहत इजराइल को चार मृत बंधकों के शव भी मिले हैं तथा 24 और लौटाए जाने हैं। इसके लिए गाज़ा में मानवीय सहायता बढ़ाने का वादा किया गया है।