इस्लामाबाद। अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच एक सप्ताह से जारी लड़ाई के बाद दोनों देश तत्काल संघर्ष विराम करने और स्थाई शांति सुनिश्चित करने के वास्ते एक तंत्र का गठन करने पर सहमत हो गए हैं। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। कतर के विदेश मंत्रालय द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, यह सफलता पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ और अफगानिस्तान के कार्यवाहक रक्षा मंत्री मुल्ला याकूब के बीच दोहा में हुई वार्ता के बाद मिली। इस वार्ता की मध्यस्थता कतर और तुर्किए ने की।अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच जारी लड़ाई में दर्जनों लोग मारे गए हैं और सैकड़ों लोग घायल हुए हैं। बयान में बताया गया है, बातचीत के दौरान, दोनों पक्ष तत्काल संघर्ष विराम करने और दोनों देशों के बीच स्थाई शांति एवं स्थिरता को मजबूत करने के लिए तंत्र स्थापित करने पर सहमत हुए। इसमें कहा गया है कि दोनों पड़ोसियों ने आने वाले दिनों में और बैठकें करने पर भी सहमति व्यक्त की है ताकि दोनों देशों में सुरक्षा एवं स्थिरता बनाए रखने के लिए संघर्ष विराम को सही तरीके से लागू किया जा सके।