वाशिंगटन। भारतीय-अमेरिकी लेखक और सुरक्षा विशेषज्ञ पॉल कपूर ने अमेरिकी विदेश विभाग में दक्षिण और मध्य एशियाई मामलों के ब्यूरो के नए सहायक सचिव के रूप में आधिकारिक तौर पर शपथ ली है। बुधवार देर रात ब्यूरो ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के माध्यम से उनके शपथ ग्रहण करने की घोषणा की। पोस्ट में कहा गया, सहायक सचिव पॉल कपूर का स्वागत हैउ आज सुबह डॉ. कपूर को दक्षिण एवं मध्य एशियाई मामलों के ब्यूरो के सहायक सचिव के रूप में आधिकारिक रूप से शपथ दिलाई गई। सहायक सचिव के रूप में कपूर भारत, नेपाल, पाकिस्तान, श्रीलंका, अफगानिस्तान, बांग्लादेश, भूटान, किर्गिस्तान, कजाकिस्तान, मालदीव, ताजिकिस्तान, तुर्कमेनिस्तान और उज्बेकिस्तान में अमेरिका की कूटनीतिक भागीदारी तथा रणनीतिक साझेदारी से जुड़े मामलों को देखेंगे।
