वाशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपना दावा दोहराया है कि भारत ने रूस से तेल खरीदना बंद करने पर सहमति जताई है और वह साल के अंत तक इसे लगभग बंद कर देगा। इसके साथ साथ ही ट्रंप ने कहा कि यह एक प्रक्रिया है और इसमें कुछ समय लगेगा। अमेरिकी राष्ट्रपति ने यह भी कहा कि वह चीन को भी ऐसा करने के लिए राजी करने की कोशिश करेंगे। चीन और भारत रूसी कच्चे तेल के दो सबसे बड़े खरीदार हैं। ट्रंप ने व्हाइट हाउस (अमेरिकी राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय) में बुधवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा, जैसा कि आप जानते हैं कि भारत ने मुझसे कहा है कि वे (रूसी तेल खरीदना) बंद करने जा रहे हैं... यह एक प्रक्रिया है, आप बस अचानक रुक नहीं सकते... वर्ष के अंत तक, वे इसे लगभग बंद कर देंगे, यानी लगभग 40 प्रतिशत तक कम कर देंगे। भारत बहुत महान है। कल मैंने प्रधानमंत्री (नरेन्द्र) मोदी से बात की। वह शानदार हैं।