याओंडे (कैमरून)। राष्ट्रपति चुनाव के विश्वसनीय परिणामों की मांग को लेकर रैली निकाल रहे विपक्ष समर्थकों की कैमरून में सुरक्षा बलों के साथ झड़प के दौरान कम से कम चार प्रदर्शनकारियों की मौत हो गई। स्थानीय गवर्नर ने रविवार देर रात यह जानकारी दी।कई दिनों की अशांति के बाद तथा विपक्षी उम्मीदवार इस्सा चिरोमा बाकरी के विरोध प्रदर्शन के आह्वान के जवाब में सैकड़ों लोग विभिन्न शहरों में सड़कों पर उतर आए। बाकरी का दावा है कि उन्होंने 12 अक्टूबर के चुनाव में राष्ट्रपति पॉल बिया को हराया था।कैमरून की सर्वाेच्च अदालत, संवैधानिक परिषद द्वारा सोमवार को अंतिम चुनाव परिणाम घोषित किए जाने की उम्मीद है, लेकिन विपक्ष और उनके समर्थकों ने अधिकारियों पर मतदान में धांधली करने का आरोप लगाया है। लिटोरल क्षेत्र (जिसमें डौआला का आर्थिक केंद्र भी शामिल है) के गवर्नर सैमुएल डियूडोन इवाहा डिबौआ के अनुसार, डौआला में कुछ व्यक्तियों द्वारा सुरक्षा बलों और पुलिस थानों पर हमला करने के बाद चार प्रदर्शनकारियों की मौत हो गई और कई सुरक्षा बल घायल हो गए। अफ्रीकन मूवमेंट फॉर न्यू इंडिपेंडेंस एंड डेमोक्रेसी विपक्षी पार्टी और स्थानीय मीडिया ने पहले बताया था कि प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने की कोशिश कर रहे सुरक्षा बलों ने कम से कम दो प्रदर्शनकारियों को गोली मार दी।