तोक्यो। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को अपनी एशिया यात्रा के सबसे व्यस्त दिनों में से एक की शुरुआत में जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची से मुलाकात की और दोनों देशों को सबसे मजबूत स्तर पर सहयोगी करार दिया। ट्रंप की तोक्यो के निकट एक अमेरिकी नौसैनिक अड्डे पर खड़े विमानवाहक पोत यूएसएस जॉर्ज वाशिंगटन पर अमेरिकी सैनिकों से बात करने और व्यापारिक नेताओं से मुलाकात करने भी योजना है।ट्रंप एशिया में अमेरिका के सबसे मजबूत सहयोगियों में शामिल जापान की यात्रा कर रहे हैं, फिर भी उनकी यात्रा के दौरान कई बातों को लेकर अनिश्चितता की स्थिति है। कुछ ही दिन पहले देश की पहली महिला प्रधानमंत्री बनीं साने ताकाइची को अपने देश के आर्थिक हितों की रक्षा करते हुए ट्रंप के साथ अपने रिश्ते मजबूत करने होंगे। ट्रंप एक व्यापार समझौते के तहत 550 अरब अमेरिकी डॉलर का जापानी निवेश हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं जिससे अमेरिकी शुल्क कम होंगे। ट्रंप के साथ मंगलवार को मुलाकात के दौरान ताकाइची ने बताया कि जापान अगले साल अमेरिका की 250वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में वाशिंगटन को चेरी के 250 पेड़ देगा और चार जुलाई के इस समारोह के लिए अकिता प्रांत से आतिशबाजी भी करेगा।
