मॉस्को। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के सदस्य देशों के प्रतिनिधिमंडल प्रमुखों के साथ मंगलवार को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की। जयशंकर एससीओ के राष्ट्राध्यक्ष परिषद की बैठक में हिस्सा लेने के लिए यहां आए हैं। विदेशमंत्री ने सोशल मीडिया मंच के जरिए जानकारी दी, आज दोपहर एससीओ प्रतिनिधिमंडल के अन्य प्रमुखों के साथ राष्ट्रपति पुतिन से मुलाकात की। क्रेमलिन में हुई बैठक में रूस के प्रधानमंत्री मिखाइल मिशुस्तिन, ईरान के उपराष्ट्रपति मोहम्मद रजा अरेफ, बेलारूस के प्रधानमंत्री अलेक्जेंडर तुर्चिन, कजाकिस्तान के ओलजस बेक्टेनोव, किर्गिस्तान के एडिलबेक कासिमलिएव, ताजिकिस्तान के कोखिर रसूलजोदा और उज्बेकिस्तान के अब्दुल्ला अरिपोव के साथ-साथ पाकिस्तान के उप प्रधान मंत्री इशाक डार और एससीओ महासचिव नुरलान यरमेकबाएव भी शामिल हुए।जयशंकर ने सोमवार को अपने रूसी समकक्ष सर्गेई लावरोव के साथ विस्तृत बातचीत की। यह बैठक ऐसे समय में हो रही है जब दोनों पक्ष राष्ट्रपति पुतिन की 23वें वार्षिक शिखर सम्मेलन के लिए भारत यात्रा की तैयारी कर रहे हैं।
