न्यूयॉर्क/वाशिंगटन। अमेरिका के दो सांसदों ने अमेरिका और भारत के बीच रणनीतिक साझेदारी को मान्यता देते हुए एक द्विदलीय प्रस्ताव पेश किया है। इस प्रस्ताव में अमेरिकी ऊर्जा संसाधनों की खरीद बढ़ाने के लिए भारत की सराहना की गई है और आतंकवाद-निरोध जैसी चुनौतियों का सामना करने के लिए निरंतर द्विपक्षीय सहयोग को रेखांकित किया गया है।कैलिफोर्निया से हाउस ऑफ रिप्रजेंटेटिव में डेमोक्रेटिक सदस्य एमी बेरा और दक्षिण कैरोलिना के रिपब्लिकन सांसद जो विल्सन ने अमेरिका और भारत के बीच ऐतिहासिक साझेदारी के रणनीतिक मूल्य को मान्यता देते हुए द्विदलीय प्रस्ताव पेश किया। बेरी कांग्रेस में सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले भारतीय अमेरिकी सदस्य हैं। सोमवार को पेश किया गया प्रस्ताव विश्व के दो सबसे बड़े लोकतंत्रों के बीच रक्षा, प्रौद्योगिकी, व्यापार, आतंकवाद निरोध और शिक्षा सहित महत्वपूर्ण क्षेत्रों में दशकों से बढ़ते सहयोग को रेखांकित करता है।
