इस्लामाबाद। पाकिस्तान ने शुक्रवार को कहा कि वह अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के इस दावे पर भरोसा करता है कि भारत ने उन्हें आश्वासन दिया है कि वह पाकिस्तान के खिलाफ युद्ध नहीं छेड़ेगा।विदेश कार्यालय (एफओ) के प्रवक्ता ताहिर अंद्राबी ने साप्ताहिक प्रेस वार्ता में ट्रंप की टिप्पणी के बारे में पूछे जाने पर कहा, हम अमेरिका के राष्ट्रपति की बातों को विश्वसनीय मानते हैं। ट्रंप ने बुधवार को दावा किया था कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उन्हें फोन करके कहा था कि हम युद्ध नहीं करेंगे। भारत किसी तीसरे पक्ष के हस्तक्षेप से लगातार इनकार करता रहा है। ट्रंप पर भरोसा जताने के बाद प्रवक्ता ने भारत के आश्वासन पर संदेह जताया। उन्होंने कहा, हम इस तरह के आश्वासन को संदेह की दृष्टि से देखते हैं, क्योंकि भारत की ओर से आने वाले आक्रामक बयानों में किसी तरह की नरमी नहीं आई है।
उन्होंने कहा, इसलिए, हमारे पास सतर्क रहने के अलावा कोई विकल्प नहीं है। प्रवक्ता ने कहा कि अफगानिस्तान के साथ पाकिस्तान की सीमा बंद है, क्योंकि उसने अफगान तालिबान शासन द्वारा कथित तौर पर आतंकवादी तत्वों को समर्थन दिए जाने के कारण सीमा को बंद कर दिया है और अफगानिस्तान के साथ सभी व्यापार को स्थगित कर दिया है।
