काठमांडू। नेपाल के जेन जेड युवा और अपदस्थ प्रधानमंत्री के. पी. शर्मा ओली के नेतृत्व वाले सीपीएन-यूएमएल के समर्थकों का शुक्रवार को एक बार फिर राजधानी काठमांडू में आमना-सामना हुआ, जबकि कुछ दिन पहले ही उनके बीच झड़प के कारण बारा जिले में कर्फ्यू लगाना पड़ा था। जेन जेड समूह के दर्जनों घायल युवकों ने शुक्रवार को काठमांडू के माइतीघर मण्डला में पूर्व प्रधानमंत्री ओली के खिलाफ धरना दिया। वे आठ सितंबर को प्रदर्शनकारी छात्रों के खिलाफ की गई कार्वाई के लिए ओली को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं, जिसमें 76 लोग मारे गए थे। जेन जेड ने विरोध प्रदर्शन किया, जबकि सीपीएन-यूएमएल प्रमुख ओली ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को सुरक्षा देने के लिए नेशनल वोलेंटियर्स फोर्स के गठन की घोषणा की। यूएमएल कार्यकर्ताओं और जेन जेड युवाओं के कार्यक्रम स्थल एक-दूसरे के समीप थे तथा किसी भी टकराव को टालने के लिए बड़ी संख्या में दंगा रोधी पुलिसकर्मी तैनात थे।
