कीव। यूक्रेन और उसके यूरोपीय सहयोगियों ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पर शांति वार्ता में रुचि दिखाने का दिखावा करने का आरोप लगाया। ब्रिटेन के विदेश मंत्री य्वेट कूपर ने कहा कि पुतिन को दिखावा और खूनखराबा बंद करके वार्ता के लिए तैयार रहना चाहिए और उचित व दीर्घकालिक शांति के प्रयासों का समर्थन करना चाहिए। यूक्रेन के विदेश मंत्री एंड्री सिबिहा ने पुतिन से दुनिया का समय बर्बाद न करने की अपील की। इन प्रतिक्रियाओं से पता चलता है कि युद्ध खत्म करने को लेकर रूस और यूक्रेन व उसके यूरोपीय सहयोगियों के बीच कितनी तनावपूर्ण स्थिति है। इससे एक दिन पहले पुतिन ने यूरोपीय देशों पर अमेरिका के नेतृत्व में जारी शांति प्रयासों पर पानी फेरने का आरोप लगाया था और आगाह किया था कि अगर रूस को उकसाया गया तो वह यूरोप से युद्ध करने के लिए भी तैयार है। साल 2022 में युद्ध शुरू होने के बाद से देशों और अमेरिका ने यूक्रेन के वित्तीय व सैन्य समर्थन के रूप में अरबों डॉलर खर्च किए हैं। हालांकि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कार्यकाल में अमेरिका ने यूक्रेन को कम समर्थन दिया है। इसके बजाय अमेरिका ने उसपर युद्ध खत्म करने का अधिक दबाव बनाया है।