नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष व पूर्व महापौर सरदार राजा इकबाल सिंह ने दिल्ली में खराब पड़े ट्यूबवैल के कारण पार्कों की सिंचाई कार्य प्रभावित होने का मुद्दा उठाया है। उन्होंने इसके लिए आप सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा जब निगम में आप की सरकार आई है तब से दिल्ली में हर विभाग के कार्य बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। आप सरकार के चलते स्थायी समिति से लेकर उद्यान समिति तक का गठन नहीं हुआ है। जिसकी वजह से पार्कों का रखरखाव भी नहीं हो रहा है और दिल्ली में वायु प्रदूषण का बड़ा कारण भी पार्कों की खराब स्थिति बनती है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि उनकी जानकारी में आया है कि केवल केशवपुरम जोन में ही 94 पार्कों के ट्यूवबैल खराब पड़े हैं जिसकी वजह से पार्कों की स्थिति खराब हो रही है। अब जब इन पार्कों में सिंचाई न होने की वजह से घास सूख जाएगी तो पार्क में पड़ी मिट्टी धूल बनकर उड़ेगी। जिससे वायु प्रदूषण बढ़ेगा। राजा इकबाल सिंह ने कहा कि केवल एक जोन का यह हाल है तो 12 जोन में क्या स्थिति होगी। राजा इकबाल सिंह ने कहा कि महापौर को चाहिए था कि गर्मी से पूर्व पार्कों की स्थिति ठीक करने के लिए एक एक्शन प्लान बनाते लेकिन आप सरकार का ध्यान नहीं है। कोई एक्शन प्लान बनाने के लिए महापौर ने बैठक तक नहीं की। जिसकी वजह से पार्कों की खराब स्थिति का खामियाजा दिल्ली की जनता को भुगतना पड़ रहा है। नेता प्रतिपक्ष ने महापौर को चेतावनी दी है कि जल्द से जल्द पार्कों की स्थिति ठीक कराने के लिए बैठक बुलाए और स्थिति को ठीक कराए। केशवपुरम जोन के चेयरमैन योगेश वर्मा ने बताया कि विभाग जब दिल्ली मे आप सरकार थी तो उसने जानबूझकर पार्कों के रखरखाव के लिए जो फंड मिलता था उसे बंद किया। आज हालात यह हो गई है कि निगम में आप की सरकार की वजह से पार्क में पौधों को पानी देने तक के लिए पर्याप्त संसाधन नहीं है।
