नई दिल्ली। 24 साल के बाद लाहौरी गेट म्यूजियम की हैरिटेज बिल्डिंग तैयार हो गई है। 2003 में गोयल ने अपने 50 लाख रूपए के सांसद कोष से इसको उस समय तैयार करके उद्घाटन करवा दिया था किन्तु उसके बाद यह फिर जीर्ण शीर्ण अवस्था में हो गई और इसके बाद गोयल संस्कृति मंत्रालय से 4 करोड़ का फंड लेकर आए जिससे इसका काम पिछले कई सालों से चल रहा है। यह जानकारी पूर्व केन्द्रीय मंत्री विजय गोयल ने दी। उन्होंंने बताया कि कभी इसकी जगह एक टूटी-फूटी डिस्पेंसरी हुआ करती चलती थी और अन्दर कबाड़ भरा हुआ था। गोयल लगातार 24 सालों से कोशिश कर रहे हैं कि इसका जीर्णोद्धार हो और इसमें एक अच्छा सा म्यूजियम खुल जाए। गोयल ने कहा इस म्यूजियम में पर्यटक विशेष रूप से विदेशी पर्यटक पूरी पुरानी दिल्ली चांदनी चौक की झलक देख पाएंगे जिसमें लाल किलाए जामा मस्जिद टाउन हाल हवेलियां और विभिन्न धर्मों के प्रसिद्ध मंदिरों के साथ-साथ चांदनी चैक के बाजारों, खान-पान रहन-सहन के बारे में जानकारी हासिल कर पाएंगे। गोयल ने कहा कि इसमें किराना बाजार ड्राई फ्रूट हैंडीक्राफ्ट मीना बाजार की भी पूरी झलक होगी। पुरातन संस्कृति और धरोहर के बारे में भी चित्र व मूर्तियां लगाई जाएंगी। यहां म्यूजियम के साथ एक व्याख्या केन्द्र भी होगा एवं सोविनियर शॉप भी रहेगी। देसी विदेशी पर्यटक यहां से पूरे चांदनी चौक के बारे में जानकारी प्राप्त कर अलग अलग स्थानों को देखने के लिए जाएंगे। यहां पर गाइड और खान पान की व्यवस्था भी होगी। गोयल ने बताया कि अगले 6 महीनों में इस म्यूजियम को सजाने के लिए दूर-दूर से कारीगर व सामान लाया जाएगा जो चांदनी चौक में उपलब्ध नहीं होगा। कोशिश यह होगी कि पुराने हैरिटेज सामान को ही यहां पर प्रदर्षित किया जाए। एमसीडी द्वारा इस प्रोजेक्ट को बनाया जा रहा है, पर इसकी फंडिंग की व्यवस्था पूर्व केन्द्रीय मंत्री और चांदनी चौक से दो बार सांसद रहे विजय गोयल द्वारा की जा रही है जिसके लिए गोयल विभिन्न सांसदों से संपर्क कर रहे हैं।