नई दिल्ली। दिल्ली मेट्रो के चौथे चरण के प्राथमिकता वाले कॉरिडोर के निर्माण कार्य में लगातार प्रगति हो रही है। कुल मिलाकर तीनों कॉरिडोर में 70 प्रतिशत से अधिक सिविल कार्य पहले ही पूरा हो चुका है। इनमें से मजलिस पार्क और जगतपुर गांव के बीच लगभग 4.6 किलोमीटर लंबा हिस्सा अब लगभग पूरा हो चुका है। इस खंड पर पिछले साल दिसंबर के अंत में शुरुआती ट्रायल रन शुरू किए गए थे। इस खंड में तीन अतिरिक्त स्टेशन शामिल हैं।  बुराड़ी, झरोदा माजरा और जगतपुर गांव जिन्हें सभी अनिवार्य वैधानिक अनुमोदन और प्रमाणन प्राप्त करने के बाद खोला जाएगा। पिछले दो महीनों में डीएमआरसी ने एरोसिटी-तुगलकाबाद कॉरिडोर पर तीन महत्वपूर्ण सुरंगों का निर्माण पूरा किया है। जनकपुरी पश्चिम से कृष्णा पार्क एक्सटेंशन तक चरण 4 का पहला खंड 5 जनवरी 2025 को यात्री सेवाओं के लिए खोला गया। चरण 4 के बहुप्रतीक्षित रिठाला कुंडली मेट्रो कॉरिडोर के निर्माण की आधारशिला भी उसी दिन रखी गई। कुल मिलाकर डीएमआरसी राष्ट्रीय राजधानी में अपने चरण 4 विस्तार के हिस्से के रूप में लगभग 112 किलोमीटर नई मेट्रो लाइनों का निर्माण कर रहा है।