गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण ने जनहित को ध्यान में रखते हुए प्रॉपर्टी से जुड़ी सेवाओं को और अधिक सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से प्रॉपर्टी मैनेजमेंट सिस्टम की शुरुआत की है। इस नई प्रणाली के तहत अब आवंटी रजिस्ट्री, नामांतरण बकाया राशि भुगतान सहित सभी प्रमुख कार्य ऑनलाइन एवं ऑफलाइन, ऑफलाइन चालान के माध्यम से ही कर सकेंगे। विशेष रूप से रजिस्ट्री के लिए स्लॉट बुकिंग की सुविधा भी इस व्यवस्था में जोड़ी गई है, जिससे आवंटी को कार्यालय के अनावश्यक चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। जीडीए की वेबसाइट पर जाकर आवंटी अब ऑनलाइन भुगतान कर सकते हैं, रजिस्ट्री के लिए स्लॉट बुक कर सकते हैं और अन्य आवश्यक प्रक्रियाएं भी पूर्व की भांति आसानी से कर सकते हैं। इस नई व्यवस्था को सुचारू रूप से लागू करने के लिए 17 अप्रैल 2025 को प्राधिकरण सभागार में लिपिकों एवं अन्य संबंधित कर्मचारियों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस प्रशिक्षण में मुख्य रूप से बताया गया कि पोर्टल पर कैसे लॉगिन करना है, ऑनलाइन डिमांड कैसे प्रेषित करनी है और आवंटी द्वारा ऑनलाइन जमा की गई धनराशि को पोर्टल पर कैसे देखा जा सकता है। यह प्रशिक्षण कर्मचारियों के लिए काफी उपयोगी रहा जिससे उन्हें पोर्टल के प्रयोग में आसानी होगी और वे नागरिकों को बेहतर सेवा प्रदान कर सकेंगे। इस प्रणाली के सफल क्रियान्वयन से न केवल आमजन को कार्यालय आने से राहत मिलेगी बल्कि जीडीए के कर्मचारियों का कार्यभार भी कम होगा। इस नई व्यवस्था की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि अब आवंटी द्वारा पोर्टल पर ऑनलाइन जमा की गई धनराशि के लिए एकाउंट्स सेक्शन से सत्यापन की आवश्यकता नहीं होगी। पहले जहां आवंटी को भुगतान की रसीद प्राधिकरण में जमा करनी होती थी और संबंधित लिपिक द्वारा उसका सत्यापन एकाउंट्स सेक्शन से कराया जाता था, वहीं अब यह प्रक्रिया पूरी तरह से ऑनलाइन और स्वचालित हो गई है।
