नई दिल्ली। समाज कल्याण, एससी-एसटी कल्याण चुनाव और सहकारिता मंत्री रविन्द्र इन्द्राज सिंह से नेशनल ट्रांसजेंडर डे वीक को लेकर ट्रांसजेंडर्स के प्रतिनिधि मंडल ने मुलाकात की। समाज कल्याण मंत्री ने प्रतिनिधि मंडल को ट्रांसजेंडर्स को सम्मान से जीने और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सरकार से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी। रविन्द्र इन्द्राज ने बताया की ट्रांसजेंडर अधिकारों, उनके सामाजिक समावेश और उपलब्ध कल्याणकारी योजनाओं के बारे में सार्वजनिक जागरूकता बढ़ाने के प्रयास सरकार करेगी। ट्रांसजेंडर व्यक्तियों अधिकारों की सुरक्षा नियमों की अधिसूचना जारी होगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के निर्देश पर दिव्यांग ट्रांसजेंडर को समाज कल्याण की सभी सरकारी योजनाओं का लाभ मिले, इसके लिए विभाग की सभी योजनाओं के आवेदन पत्रों में थर्ड जेंडर का विकल्प अनिवार्य किया जा रहा है। प्रतिनिधि मंडल ने समाज कल्याण मंत्री से मुलाकात के दौरान केक काटकर ट्रांसजेंडर डे मनाया। प्रतिनिधि मंडल ने खुशी जाहिर करते हुए कहा की पहली बार किसी सरकार ने हमारे अधिकारों और आत्मनिर्भरता के बारे में गंभीरता दिखाई है और हमसे मिलकर सरकारी योजनाओं को साझा किया है। प्रतिनिधिमंडल में लकी हिन्दुस्तानी संस्था से अरुण शर्मा, कम्युनिटी एम्पावरमेंट ट्रस्ट से दीपचंद्र दीपक एवं ट्रासजेंडर्स सिमरण अरोड़ा, रेहाना यादव, संजना सिमोन, सारांश पाठक,भानु एवं सौम्य गर्ग मौजूद रहे।
