नई दिल्ली। दिल्ली के मेयर महेश कुमार ने मांग की कि दिल्ली के मुस्तफाबाद में चार मंजिला इमारत ढहने की घटना में मारे गए और घायल हुए लोगों के परिवारों को भाजपा सरकार मुआवजा दे। घटना सुबह करीब तीन बजे हुई, जब मुस्तफाबाद के शक्ति विहार में 20 साल पुरानी चार मंजिला इमारत ढह गई, जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई और 11 अन्य घायल हो गए। इनमें से कई की हालत गंभीर बनी हुई है। रविवार को एक प्रेस वार्ता में मेयर महेश कुमार ने कहा कि मृतकों के परिवारों को 10-10 लाख रुपए और घायलों को 5-5 लाख रुपए का मुआवजा दिया जाना चाहिए। उन्होंने वरिष्ठ मंत्रियों के घटनास्थल का दौरा करने के बावजूद अब तक कोई वित्तीय राहत की घोषणा नहीं करने के लिए सरकार की आलोचना की। महेश कुमार ने कहा कि यह एक बहुत दुखद घटना है। भगवान मृतकों की आत्मा को शांति प्रदान करें और उनके परिवारों को शक्ति प्रदान करें, लेकिन प्रार्थनाएं पर्याप्त नहीं हैं। सरकार को कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार विभिन्न आयोजनों के लिए करोड़ों रुपये का बजट पारित करती है, लेकिन जब गरीबों की मदद की बात आती है तो उसके पास पैसा नहीं होता। वहीं आप नेता आदिल खान ने कहा कि मैं शनिवार को आप के कार्यकर्ताओं के साथ पूरे समय घटनास्थल पर मौजूद था। मेयर महेश कुमार भी वहां पहुंचे और उन्होंने एमसीडी कमिश्नर को दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया। दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री भी घटना स्थल पर पहुंचे, लेकिन दिल्ली सरकार द्वारा अभी तक पीड़ितों के लिए किसी मुआवजे की घोषणा नहीं की गई है, जो निंदनीय है।
दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए लिखा पत्र
महापौर ने कहा कि दिल्ली नगर निगम आयुक्त को एक पत्र लिखा है, जिसमें लापरवाही के दोषी पाए जाने वाले किसी भी अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आग्रह किया गया है। उन्होंने कहा कि अभी तक कोई जवाबदेही तय नहीं की गई है। हमने मांग की है कि इस त्रासदी के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।