नई दिल्ली। केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने बुधवार को कहा कि कुछ नापाक इरादे वाले लोग घाटी में फिर से अलगाववाद और आतंकवाद को भड़काने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उनका मंत्रालय पूरी कोशिश करेगा कि पहलगाम हमले के मद्देनजर जम्मू कश्मीर में पर्यटन को होने वाला नुकसान कम से कम हो। केंद्रीय पुरातत्व सलाहकार बोर्ड (सीएबीए) की बैठक के दौरान उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि वह और उनका कार्यालय केंद्र शासित प्रदेश के मुख्य सचिव और पर्यटन सचिव के साथ लगातार संपर्क में हैं और स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में मिनी स्विट्जरलैंड के नाम से मशहूर प्रमुख पर्यटन स्थल बैसरन पर मंगलवार को आतंकवादियों ने हमला किया, जिसमें कम से कम 26 लोग मारे गए और कई अन्य घायल हो गए। इनमें ज्यादातर पर्यटक थे। मृतकों में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) और नेपाल के दो विदेशी और दो स्थानीय लोग शामिल हैं। शेखावत ने कहा कि कल पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले और इसमें कई निर्दाेष लोगों की जान जाने से पूरा देश दुखी और आहत है। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, इस कायराना घटना से हमारी भावनाएं आहत हुई हैं। लेकिन कुछ लोग अपने नापाक इरादे से कश्मीर में फिर से अलगाववाद और आतंकवाद भड़काने की कोशिश कर रहे हैं।
केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपनी विदेश यात्रा बीच में ही छोड़कर स्वदेश लौट आए और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अपने अन्य कार्यों को टालकर श्रीनगर पहुंच गए हैं। उन्होंने कहा, इस हमले पर उनका रुख स्पष्ट रूप से भारत और प्रधानमंत्री के, आतंकवाद को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करने के दृष्टिकोण को दर्शाता है। शेखावत ने कहा कि जैसा कि दोनों नेताओं (प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह) ने कहा है कि यह सुनिश्चित किया जाएगा कि हमले के लिए जिम्मेदार हर शख्स को कड़ी से कड़ी सजा मिले। उन्होंने कहा, इससे पहले, सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक के जरिए भारत ने दुनिया को यह संदेश दिया है कि भारत विरोधी गतिविधियां चाहे वे भारतीय धरती से हों या देश के बाहर से, भारत उन्हें अब बर्दाश्त नहीं करेगा। यह पूछे जाने पर कि क्या उन्होंने हमले के मद्देनजर जम्मू कश्मीर सरकार और पर्यटन विभाग के अधिकारियों से संपर्क किया है, इस पर शेखावत ने कहा, मैं सभी के संपर्क में हूं, मेरा कार्यालय, मेरे सचिव भी जम्मू कश्मीर में पर्यटन सचिव, जम्मू कश्मीर के मुख्य सचिव के संपर्क में हैं। उन्होंने कहा, हम लगातार संपर्क में हैं और इस पर नजर रख रहे हैं। हम इस घटना के कारण कश्मीर में पर्यटन और पूरे देश में पर्यटन को होने वाले नुकसान को कम करने की अपनी पूरी कोशिश करेंगे।
