नई दिल्ली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में निर्दाेष नागरिकों पर कायरतापूर्ण आतंकवादी हमले के खिलाफ जवाबी कार्रवाई के स्पष्ट संकेत देते हुए बुधवार को कहा कि इसके लिए जिम्मेदार लोगों को उनके नापाक कृत्यों का कड़ा जवाब दिया जाएगा। राजनाथ ने यह भी कहा कि भारत न केवल उन लोगों को ढूंढ़ेगा, जिन्होंने हमला किया, बल्कि उन लोगों का भी पता लगाएगा, जिन्होंने पर्दे के पीछे बैठकर भारतीय धरती पर इस नापाक कृत्य को अंजाम देने की साजिश रची। आतंकवादियों ने मंगलवार को दक्षिण कश्मीर के प्रमुख पर्यटन स्थल पहलगाम में पर्यटकों पर गोलीबारी की, जिसमें कम से कम 26 लोग मारे गए और कई अन्य घायल हो गए। रक्षा मंत्री ने वार्षिक अर्जन सिंह स्मारक व्याख्यान देते हुए ये टिप्पणियां कीं। संबोधन से कुछ घंटे पहले राजनाथ ने लगभग ढाई घंटे की बैठक में जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की। इस बैठक में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल, प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल अनिल चौहान, सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी, नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी, वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह और रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह शामिल हुए। रक्षा मंत्री ने कहा, कल पहलगाम में आतंकवादियों द्वारा धर्म विशेष को निशाना बनाकर किए गए कायराना हमले में हमारे देश ने कई निर्दाेष नागरिकों को खो दिया। इस अत्यंत अमानवीय कृत्य ने हम सभी को गहरे दुख और पीड़ा में डाल दिया है। उन्होंने कहा, मैं इस मंच से देशवासियों को आश्वस्त करना चाहता हूं कि इस घटना के मद्देनजर भारत सरकार हर वह कदम उठाएगी, जो आवश्यक और उचित होगा। राजनाथ ने कहा, भारत इतनी पुरानी सभ्यता और इतना बड़ा देश है कि वह किसी भी आतंकवादी गतिविधि से भयभीत नहीं हो सकता। ऐसे कृत्यों के लिए जिम्मेदार लोगों को निकट भविष्य में मुंहतोड़ जवाब मिलेगा। सीमा पार आतंकवादी घटनाओं के संदर्भ में रक्षा मंत्री ने कहा, इतिहास गवाह है कि राष्ट्रों का पतन शत्रु की कार्रवाई के कारण नहीं, बल्कि उनके अपने कुकृत्यों के परिणामस्वरूप हुआ है। मैं उम्मीद करता हूं कि सीमा पार के लोग इतिहास के सबक को अधिक बारीकी से देखेंगे। राजनाथ ने कहा कि पहलगाम में हुआ हमला अत्यंत अमानवीय है, जिसने हम सभी को अत्यंत दुखी कर दिया है। उन्होंने कहा, सबसे पहले मैं उन सभी परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। दुख की इस घड़ी में मैं ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं।
