मधुबनी। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले की बृहस्पतिवार को निंदा की और इस बात पर जोर दिया कि पूरा देश आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में एकजुट है। मधुबनी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मौजूदगी में एक सरकारी समारोह में कुमार ने अपने राजनीतिक गठबंधन की फिर पुष्टि करते हुए कहा, मैंने पूर्व में गलती की है, लेकिन मैं हमेशा राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के साथ रहूंगा। उन्होंने कहा, पहलगाम में हुए हमले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। यह एक जघन्य कृत्य था। हम सभी इसकी निंदा करते हैं। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। हम आपके साथ हैं। पूरा देश आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में एकजुट है। दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार को एक प्रमुख पर्यटक स्थल पर आतंकवादियों ने हमला किया था, जिसमें कम से कम 26 लोग मारे गए और कई अन्य घायल हो गए। इनमें ज्यादातर पर्यटक थे। बिहार के मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने पूर्व में विपक्ष के साथ हाथ मिलाकर गलती की हैं। उन्होंने कहा, मैं हमेशा राजग के साथ रहूंगा। मैं पूर्व में इधर उधर जाता रहा और गड़बड़ी हुई। लेकिन अब, मैं राजग के साथ हूं और हमेशा गठबंधन के साथ रहूंगा। मुख्यमंत्री ने कहा, हमने 2005 में सरकार बनाई। पिछली राज्य सरकार ने पंचायतों के लिए कुछ नहीं किया था। यह खराब स्थिति में थी। जब हम सत्ता में आए, तो हमने 2006 में बिहार पंचायत राज अधिनियम में संशोधन किया, जिसके तहत गांव स्तर पर ग्राम पंचायत, ब्लॉक स्तर पर पंचायत समिति और जिला स्तर पर जिला परिषद की स्थापना की गई। उन्होंने कहा, हमने पंचायतों और नगर पालिकाओं में महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण भी लागू किया। पिछली सरकार ने राज्य में महिलाओं की स्थिति सुधारने के लिए कोई कदम नहीं उठाया। अब तक हमारी सरकार ने स्थानीय निकायों के लिए बिहार भर में।,639 पंचायत भवनों का निर्माण किया है और शेष भवनों का निर्माण इस साल के अंत में होने वाले आगामी चुनाव से पहले पूरा हो जाएगा। जनता दल (यूनाइटेड) सुप्रीमो ने कहा, हम पिछले 20 साल से शिक्षा, परिवहन, सड़क, बिजली और पानी जैसे क्षेत्रों में राज्य के समग्र विकास के लिए काम कर रहे हैं। जब हमने 2005 में सत्ता संभाली थी, तब राज्य का बजट सिर्फ 38,000 करोड़ रुपए था। वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए बजट बढ़कर 3.18 लाख करोड़ रुपए हो गया है। उन्होंने कहा कि अकेले इस साल राज्य सरकार ने विभिन्न जिलों के लिए 50,000 करोड़ रुपए की 430 नई योजनाओं को मंजूरी दी है।
कुमार ने कहा कि बिहार में मखाना बोर्ड की स्थापना, ग्रीनफील्ड हवाई अड्डे का खुलना और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) पटना का विस्तार भी केंद्र की मदद से आगे की दिशा में बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री से चार मई को पटना में होने वाले खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 का उद्घाटन करने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा, यह बहुत खुशी की बात है कि इस प्रमुख आयोजन की मेजबानी बिहार कर रहा है। बिहार चार से 15 मई तक खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 के सातवें संस्करण की मेजबानी करने के लिए तैयार है।
