मंगलुरु। कर्नाटक के गृहमंत्री डॉ. जी परमेश्वर ने शनिवार को बताया कि विश्व हिन्दू परिषद के कार्यकर्ता सुहास शेट्टी की हत्या के सिलसिले में पुलिस ने आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। कुख्यात बदमाश शेट्टी की बृहस्पतिवार देर शाम मंगलुरु शहर के बाजपे थाना क्षेत्र में अज्ञात लोगों के एक समूह ने हत्या कर दी थी। शेट्टी, सूरतकल में जुलाई 2022 के फाजिल हत्याकांड का मुख्य आरोपी था। यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए गृहमंत्री ने कहा, सुहास शेट्टी की हत्या के सिलसिले में गिरफ्तार किए गए आठ लोगों की पहचान अब्दुल सफवान, नियाज अहमद, मोहम्मद मुजम्मिल, खलंदर शफी, आदिल मेहरूफ, मोहम्मद रिजवान, रंजीत और नागराज के रूप में हुई है। उन्होंने घोषणा की कि दक्षिण कन्नड़ तथा उडुपी जिलों में बढ़ रही सांप्रदायिक हिंसा को देखते हुए दोनों जिलों में नक्सल रोधी कार्य बल की तर्ज एक स्थाई सांप्रदायिक-रोधी कार्य बल (एंटी-कम्युनल टास्क फोर्स) का गठन किया जाएगा जिसे इस तरह के मामलों से निपटने के लिए पूरा विधिक अधिकार दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह नया बल स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर ही सांप्रदायिक मामलों से निपटेगी। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार ऐसे सांप्रदायिक मामलों से निपटने के लिए कृतसंकल्पित है और किसी भी कीमत पर इन्हें बढ़ने नहीं दिया जाएगा। इससे पहले परमेश्वर और जिला प्रभारी मंत्री दिनेश गुंडू राव शनिवार को मंगलुरु पहुंचे और कानून व्यवस्था की स्थिति का आकलन करने के लिए अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, पुलिस आयुक्त अनुपम अग्रवाल और उपायुक्त मुल्लई मुहिलन के साथ उच्च स्तरीय चर्चा की।
बृहस्पतिवार देर शाम नृशंस हत्या के बाद शहर और आसपास के इलाकों में भारी तनाव व्याप्त हो गया जिसे देखते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने शुक्रवार सुबह से चार दिन के लिए मंगलुरु पुलिस आयुक्तालय क्षेत्र में निषेधाज्ञा लागू कर दी।
