नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को अंगोला के लिए 20 करोड़ अमेरिकी डॉलर की रक्षा ऋण सुविधा की घोषणा की तथा आतंकवादियों और उनके समर्थकों के खिलाफ दृढ़ता एवं निर्णायक कार्वाई करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। प्रधानमंत्री द्वारा अफ्रीकी देश की सेना की मदद की यह घोषणा 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के कुछ दिन बाद की गई है। मोदी ने यह घोषणा अंगोला के राष्ट्रपति जोआओ मैनुअल गोंकाल्वेस लॉरेन्को के साथ व्यापक चर्चा के बाद की। दोनों नेताओं की बातचीत डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना के क्षेत्रों सहित समग्र द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ाने पर केंद्रित थी। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने मीडिया वक्तव्य में कहा कि लॉरेन्को की भारत यात्रा न केवल द्विपक्षीय संबंधों को नई दिशा देगी बल्कि भारत-अफ्रीका साझेदारी को भी मजबूत करेगी। उन्होंने कहा, मुझे अंगोला के रक्षा बलों के आधुनिकीकरण के लिए भारत की 20 करोड़ अमेरिकी डॉलर की रक्षा ऋण सहायता की घोषणा करते हुए खुशी हो रही है। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि रक्षा मंचों की मरम्मत और आपूर्ति पर भी चर्चा हुई। मोदी ने कहा कि भारत जन-उपयोगी डिजिटल अवसंरचना, अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी और क्षमता निर्माण के क्षेत्रों में भी अंगोला के साथ अपनी क्षमताओं को साझा करेगा। उन्होंने कहा, हमने स्वास्थ्य सेवा, हीरा प्रसंस्करण, उर्वरक और महत्वपूर्ण खनिजों के क्षेत्रों में अपने संबंधों को और मजबूत करने का भी निर्णय लिया है। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा, हम आतंकवादियों और उनका समर्थन करने वालों के खिलाफ दृढ़ और निर्णायक कार्वाई करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने भारत और अफ्रीकी संघ के संबंधों के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा, हम प्रगति में साझेदार हैं, हम ग्लोबल साउथ के आधार हैं। ग्लोबल साउथ का अभिप्राय विकासशील और अल्प-विकसित देशों से है जो अधिकतर दक्षिणी गोलार्ध में स्थित हैं। लॉरेन्को बृहस्पतिवार को चार दिवसीय यात्रा पर दिल्ली पहुंचे।
